अंतर्राष्ट्रीय
08-Jun-2026


-तेहरान की चेतावनी- लेबनान पर हमले की स्थिति में होगी जवाबी कार्रवाई -होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे 24 भारतीयों के लिए नौसेना का बचाव अभियान जारी तेहरान,(ईएमएस)। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने फिलहाल इजराइल के खिलाफ अपनी सैन्य कार्रवाई रोकने की घोषणा की है। हालांकि ईरानी सेना ने स्पष्ट किया है कि यदि इजराइल ने लेबनान में दोबारा सैन्य कार्रवाई की, तो उसे पहले से अधिक कड़े जवाब का सामना करना पड़ेगा। ईरानी सरकारी मीडिया रिपोर्ट में इस आशय की जानकारी साझा की गई है। ईरान का यह बयान उस सैन्य कार्रवाई के बाद आया है, जिसमें रविवार रात उसने करीब दो महीने के अंतराल के बाद इजराइल पर हमला किया था। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दावा किया कि यह हमला लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर इजराइली हमलों के जवाब में किया गया। हमले के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा और कूटनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। क्षेत्रीय तनाव के बीच भारतीय नागरिकों की सुरक्षा भी चिंता का विषय बनी हुई है। होर्मुज में फंसे 24 भारतीय नाविक होर्मुज जलडमरूमध्य में ओमान तट के निकट एक जहाज पर फंसे 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित निकालने के लिए भारतीय नौसेना बचाव अभियान चला रही है। भारतीय नाविकों के संगठन फॉरवर्ड सीमैन्स यूनियन ऑफ इंडिया ने इन भारतीयों के फंसे होने की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी थी, जिसके बाद राहत प्रयास शुरू किए गए। उधर, हालात को देखते हुए भारत सरकार ने अपने नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों को फिलहाल ईरान की यात्रा से बचने की सलाह दी है। साथ ही वहां रह रहे भारतीयों से स्थिति पर लगातार नजर रखने और सुरक्षित अवसर मिलते ही देश छोड़ने पर विचार करने को कहा गया है। टकराव का असर वैश्विक ऊर्जा पर विशेषज्ञों का मानना है कि ईरान और इजराइल के बीच बढ़ता टकराव पूरे पश्चिम एशिया की स्थिरता को प्रभावित कर सकता है। होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का महत्वपूर्ण मार्ग माना जाता है, इसलिए क्षेत्र में किसी भी सैन्य तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार और समुद्री व्यापार पर भी पड़ सकता है। फिलहाल दुनिया की निगाहें दोनों देशों की अगली रणनीति और क्षेत्रीय घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं। हिदायत/ईएमएस 08जून26