क्षेत्रीय
08-Jun-2026
...


- चप्पे-चप्पे पर रहेगा कड़ा पहरा, सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी; होटल स्टाफ का होगा वेरिफिकेशन इंदौर (ईएमएस)। शहर में आगामी दिनों में आयोजित होने वाले वैश्विक ब्रिक्स सम्मेलन की सुरक्षा और पुलिस व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने रविवार को पुलिस अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) आर.के. सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) मयंक अवस्थी सहित सभी डीसीपी, एडिशनल डीसीपी और एसीपी शामिल हुए। पुलिस कमिश्नर ने सम्मेलन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में तय किया गया कि विमानतल, कार्यक्रम स्थल और होटलों पर आधुनिक संसाधनों से लैस पुलिस बल तैनात किया जाएगा। वीवीआईपी, मंत्रियों और विदेशी प्रतिनिधियों की सुरक्षा के लिए पीएसओ और लाइजनिंग अधिकारियों के साथ समन्वय किया जाएगा, जबकि पायलट और रूट चेक के साथ ड्राइवरों का पुलिस वेरिफिकेशन कराया जाएगा। सुरक्षा के लिहाज से होटलों के स्टाफ और आसपास रहने वाले लोगों की भी सघन जांच होगी। संवेदनशील इलाकों को चिन्हित कर हॉटस्पॉट और शैडो एरिया में पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी और सूचीबद्ध गुंडे-बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की जाएगी। सम्मेलन के दौरान एरिया सर्विलांस के साथ-साथ ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से सतत निगरानी रखी जाएगी। यातायात को सुचारू रखने के लिए एक प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही एम्बुलेंस, अस्पताल और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं को भी अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रकाश/08 जून 2026