- देश-विदेश से आने वाले अतिथियों के स्वागत और शहर की सुंदरता को लेकर दिए निर्देश; सफाई, लाइटिंग और पार्किंग व्यवस्था पर रहेगा जोर इंदौर (ईएमएस)। इंदौर में आयोजित होने वाले आगामी ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान देश-विदेश से आने वाले अतिथियों के स्वागत, भ्रमण और शहर की समग्र व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए नगर निगम ने कवायद तेज कर दी है। इसी सिलसिले में नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल द्वारा सोमवार को सुबह शहर के प्रमुख पर्यटन, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का विभागीय अधिकारियों के साथ जमीनी निरीक्षण किया गया। इस दौरान उनके साथ अपर आयुक्त प्रखर सिंह, अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। ब्रिक्स सम्मेलन की महत्ता को दृष्टिगत रखते हुए निगमायुक्त सिंघल ने शहर के प्रसिद्ध खान-पान केंद्र 56 दुकान, ऐतिहासिक राजवाड़ा, ढक्कन वाला कुआं और ग्रामीण हाट बाजार सहित विभिन्न प्रमुख स्थलों का दौरा किया। - समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने इन क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था, सौंदर्यीकरण, प्रकाश (लाइटिंग), सुव्यवस्थित पार्किंग और आगंतुकों के लिए जरूरी सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि सौंदर्य और विकास से जुड़े सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि वैश्विक मंच पर इंदौर की स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित छवि को बनाए रखना निगम की प्राथमिकता है, ताकि विदेशी प्रतिनिधियों के समक्ष शहर का उत्कृष्ट स्वरूप प्रस्तुत किया जा सके। प्रकाश/08 जून 2026