- जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने किया निरीक्षण; जनभागीदारी से भू-जल पुनर्भरण को मिल रही गति इंदौर (ईएमएस)। प्रदेश में जल संरक्षण और जल स्रोतों के पुनरुद्धार के लिए मुख्यमंत्री की जनभागीदारी की अपील का इंदौर में व्यापक असर दिखाई दे रहा है। नगर पालिक निगम इंदौर द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत शहरभर में जल संरक्षण के कार्य युद्ध स्तर पर जारी हैं। इस अभियान में शहर के विभिन्न सामाजिक संगठन, रहवासी संघ (आरडब्ल्यूए), शैक्षणिक संस्थान और कॉर्पोरेट क्षेत्र बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। इसी कड़ी में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने जनभागीदारी से जल संरक्षण का उत्कृष्ट मॉडल विकसित करने वाली ट्रेजर टाउन कॉलोनी का निरीक्षण किया। कॉलोनी के रहवासियों ने सामूहिक प्रयास से प्रत्येक भवन के वर्षा जल आउटलेट (रेन वॉटर आउटलेट) को सीधे रिचार्ज पिट से जोड़कर भू-जल संवर्धन की एक अनूठी तकनीक अपनाई है। - चार रिचार्ज पिट तैयार, हर बूंद सहेजने का लक्ष्य कॉलोनी प्रबंधन और रहवासियों के सहयोग से अब तक परिसर में चार बड़े रिचार्ज पिट का निर्माण पूरा किया जा चुका है। रहवासियों का मुख्य लक्ष्य आगामी वर्षा काल में बारिश के पानी की एक-एक बूंद को कॉलोनी की जमीन के भीतर ही संरक्षित करना है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इस सफल और दूरदर्शी पहल की सराहना करते हुए इसे इंदौर की अन्य कॉलोनियों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि जल संकट के स्थायी समाधान के लिए नागरिकों की ऐसी सक्रिय सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। नगर निगम इस मॉडल को शहर के अन्य हिस्सों में भी लागू करने के लिए रेन वॉटर हार्वेस्टिंग और भू-जल पुनर्भरण (ग्राउंड वॉटर रिचार्ज) कार्यों को लगातार गति दे रहा है। प्रकाश/08 जून 2026