क्षेत्रीय
08-Jun-2026
...


- बनासकांठा जिले में आलू उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन की बारीकियों को सीखेंगी महिला स्व-सहायता समूह की दीदियां इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा इंदौर, देवास और उज्जैन जिलों को मिलाकर विकसित किए जा रहे क्षेत्रीय आलू क्लस्टर के अंतर्गत एक विशेष पहल की गई है। इसके तहत क्लस्टर विकास से जुड़े तीन जिलों का 24 सदस्यीय दल शैक्षणिक भ्रमण हेतु गुजरात रवाना हुआ है। यह दल गुजरात के बनासकांठा जिले में आलू पर आधारित विभिन्न कृषि व व्यावसायिक गतिविधियों को देखने और सीखने के उद्देश्य से गया है। इस दल में महिला स्व-सहायता समूह की दीदियां, महिला किसान उत्पादक कंपनी के पदाधिकारी और आजीविका मिशन के अधिकारी शामिल हैं। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) सिद्धार्थ जैन ने बताया कि इस शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन आजीविका मिशन की तकनीकी सहयोग संस्था एक्सेस डेवलपमेंट सर्विसेज ऑर्गनाइजेशन के सहयोग से किया जा रहा है। - वैल्यू चेन और विपणन को समझेंगी महिलाएं इस पांच दिवसीय भ्रमण का मुख्य उद्देश्य आलू आधारित वैल्यू चेन (मूल्य श्रृंखला) गतिविधियों को बारीकी से समझना है। दल वहां आलू के उन्नत उत्पादन से लेकर उसके भंडारण, प्रसंस्करण (प्रोसेसिंग) और विपणन (मार्केटिंग) तक की विभिन्न आधुनिक प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अध्ययन करेगा। इस अध्ययन से लौटने के बाद क्लस्टर से जुड़ी महिलाओं और किसान उत्पादक संगठनों के लिए क्षेत्र में ही आजीविका के बेहतर और नए अवसर सृजित करने में मदद मिलेगी। प्रकाश/08 जून 2026