राज्य
08-Jun-2026


भोपाल (ईएमएस) । रेल संचालन में उत्कृष्ट सतर्कता, सजगता एवं संरक्षा के प्रति समर्पित कार्य करने वाले 5 कर्मचारियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिनांक 08 जून 2026 को मंडल रेल प्रबंधक श्री पंकज त्यागी द्वारा संरक्षा अवार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। संरक्षा अवार्ड प्राप्त करने वाले कर्मचारियों में इंजीनियरिंग विभाग से सुमेन्द्र मीना (ट्रैक मेंटेनर, शिवपुरी), सतीश बकोरिया (वरिष्ठ गुड्स ट्रेन मैनेजर, इटारसी) एवं आशीष पाराशर (वरिष्ठ गुड्स ट्रेन मैनेजर, बीना) तथा टीआरओ विभाग से विनोद तिवारी (लोको पायलट मेल, भोपाल) एवं यशपाल साहू (वरिष्ठ सहायक लोको पायलट, भोपाल) शामिल रहे। सुमेन्द्र मीना ने 27.05.2026 को शिवपुरी स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान प्वाइंट संचालन से संबंधित सवालों का कुशलतापूर्वक उत्तर देकर तथा प्वाइंट एवं संरक्षा संबंधी नियमों की उत्कृष्ट जानकारी प्रदर्शित कर अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया। सतीश बकोरिया ने 02.05.2026 को मालगाड़ी कार्य के दौरान गुजरने वाली गाड़ी संख्या 11058 अमृतसर-मुम्बई एक्सप्रेस में असामान्य स्थिति का अवलोकन किया तथा समय रहते सूचना देकर संभावित दुर्घटना को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी सतर्कता के कारण आवश्यक जांच के उपरांत ब्रेक ब्लॉक जाम पाए गए। आशीष पाराशर ने 11.05.2026 को मालगाड़ी संचालन के दौरान एक वैगन के सस्पेंशन कॉइल स्प्रिंग के मिसिंग पाए जाने की सूचना स्टेशन प्रबंधन को दी। उनकी सजगता के फलस्वरूप संबंधित वैगन को स्टेशन पर अलग कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की गई। इसी प्रकार, दिनांक 25.05.2026 को गाड़ी संख्या 19483 अहमदाबाद-सहरसा एक्सप्रेस में कार्यरत लोको पायलट (मेल) श्री विनोद तिवारी एवं वरिष्ठ सहायक लोको पायलट श्री यशपाल साहू ने नर्मदापुरम-बुधनी रेलखंड के मध्य किलोमीटर 676/30 पर ट्रैक पर उत्पन्न असामान्य स्थिति को समय रहते देखा। उन्होंने तत्परता से गाड़ी को नियंत्रित कर संबंधित कर्मचारियों को सूचित किया तथा संरक्षा सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कार्रवाई की। उनकी सजगता से संभावित दुर्घटना को टालने में सहायता मिली और रेल परिचालन सुरक्षित बना रहा। मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी ने सभी पुरस्कृत कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि संरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा कर्मचारियों की सतर्कता, दक्षता और कर्तव्यनिष्ठा सुरक्षित रेल संचालन की आधारशिला है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से भविष्य में भी इसी प्रकार सजग रहकर कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) रामेन्द्र पाण्डेय, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रोहित मालवीय तथा वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (टीआरओ) सचिन आर. शर्मा सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। आशीष पाराशर/08 जून2026