क्षेत्रीय
08-Jun-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के नेता अमित जोगी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने, साक्ष्य मिटाने और लोक सेवक को कथित रूप से झूठी जानकारी देने के आरोपों को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत भाजपा आईटी सेल के प्रदेश कार्यालय सहमंत्री शैलेश दीक्षित द्वारा पुलिस प्रशासन को सौंपी गई है। शिकायत में कहा गया है कि 27 मई 2026 को बकरीद (ईद-उल-अजहा) के अवसर पर अमित जोगी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शुभकामना संदेश के साथ एक पोस्टर साझा किया था। आरोप है कि उक्त पोस्टर में बकरी के साथ गाय का चित्र भी शामिल था, जिससे सोशल मीडिया पर विवाद खड़ा हो गया और कई लोगों ने इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताया। शिकायतकर्ता के अनुसार, पोस्ट को लेकर विरोध बढ़ने के बाद अमित जोगी ने लगभग दो घंटे के भीतर मूल पोस्ट को हटाकर एक संशोधित तस्वीर साझा की। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने स्वयं को निर्दोष साबित करने के उद्देश्य से गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही क्षेत्र के एक थाने में कथित रूप से झूठी प्राथमिकी दर्ज कराई। शैलेश दीक्षित ने अपने शिकायत पत्र में मांग की है कि मामले की तकनीकी जांच कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के सर्वर और एडिट हिस्ट्री की जांच कराई जाए, ताकि घटनाक्रम की वास्तविकता सामने आ सके। उन्होंने संबंधित प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई की भी मांग की है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/8 जून 2026