- सहकारी समितियों के माध्यम से कृषि आदान सामग्री की निर्बाध आपूर्ति से किसान संतुष्ट - आधुनिक कृषि तकनीकों के लाभ से बढ़ा कृषक राकेश कुमार कैवर्त का भरोसा कोरबा (ईएमएस) छत्तीसगढ़ प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश में कृषि क्षेत्र को आधुनिक, वैज्ञानिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। किसानों को समय पर खाद, बीज एवं अन्य कृषि आदान सामग्री उपलब्ध कराने के साथ-साथ नवीन कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। विशेष रूप से नैनो यूरिया और नैनो डीएपी जैसे नैनो उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा देकर खेती को अधिक किफायती, उत्पादक और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा रहा है। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप किसान आधुनिक वैज्ञानिक खेती की ओर तेजी से अग्रसर हो रहे हैं। कोरबा जिले के ग्राम तिलकेजा निवासी कृषक राकेश कुमार कैवर्त चार एकड़ भूमि में धान की खेती करते हैं। कृषि कार्य में उनकी रुचि शुरू से ही रही है और वे लंबे समय से खेती-किसानी से जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों से कृषि विभाग के मार्गदर्शन में वे अपनी फसलों में नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया का उपयोग कर रहे हैं, जिससे उन्हें सकारात्मक और उत्साहजनक परिणाम प्राप्त हुए हैं। आज वे सहकारी समिति पहुंचे, जहां से उन्होंने आवश्यक खाद, बीज एवं नैनो उर्वरक प्राप्त किए। श्री कैवर्त के अनुसार नैनो उर्वरकों के उपयोग से खेती अधिक वैज्ञानिक, किफायती और प्रभावी बनी है। उन्होंने बताया कि नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया फसलों को आवश्यक पोषक तत्वों की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित करते हैं, जिससे वृद्धि एवं विकास में सुधार देखने को मिलता है। कम मात्रा में उपयोग के बावजूद इनका प्रभाव अधिक होता है, जिससे पारंपरिक उर्वरकों पर निर्भरता कम होती है और लागत में बचत होती है। उन्होंने कहा कि नैनो उर्वरकों का छिड़काव करना आसान है तथा इनके उपयोग से पोषक तत्वों की उपयोग दक्षता बढ़ती है, जिससे फसलों को संतुलित पोषण प्राप्त होता है। इसके साथ ही, मृदा की उर्वरता बनाए रखने, पर्यावरणीय प्रभाव को कम करने तथा टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने में भी नैनो उर्वरक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि नैनो उर्वरकों के उपयोग से उनकी फसल की गुणवत्ता और उत्पादन में भी सकारात्मक सुधार देखने को मिला है। उन्होंने बताया कि शासन की व्यवस्था के कारण सहकारी समितियों में किसानों को समय पर खाद, बीज एवं उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित हो रही है। इससे किसानों को आवश्यक कृषि आदान सामग्री प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए उनकी जरूरतों और समस्याओं के प्रति संवेदनशील है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं छत्तीसगढ़ सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। 08 जून / मित्तल