देवास (ईएमएस)। ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत कोतवाली पुलिस ने सोमवार को सीसीटीवी कैमरों की मदद से लूट की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फरियादी से छीना गया मोबाइल फोन, 3,600 रुपए नकद, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस सहित शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है। जानकारी के अनुसार, शिवपुरी निवासी आनंद रघुवंशी 4-5 जून की दरमियानी रात देवास बस स्टैंड पर मौजूद थे। इसी दौरान तीन अज्ञात युवकों ने उन्हें लाल रंग के ई-रिक्शा में बैठाया और दुर्गापुरा सिया क्षेत्र में ले गए। वहां उन्होंने आनंद के साथ झूमा-झटकी कर उनके पर्स से नकदी, मोबाइल फोन और दस्तावेज छीन लिए और फरार हो गए। फरियादी की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान घटना में प्रयुक्त लाल रंग के ई-रिक्शा की पहचान हुई, जो आरोपियों तक पहुंचने का मुख्य सुराग बना। पुलिस ने इसी सुराग के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद उनसे लूटा गया पूरा सामान बरामद कर जब्त कर लिया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा, उप निरीक्षक संजय वर्मा, प्रधान आरक्षक सुनील देथलिया, हेमंत डाबी, रवि गरोड़ा, शिवप्रताप सिंह सेंगर और सचिन चौहान सहित पूरी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ईएमएस/ मोहने/ 08 जून 2026