क्षेत्रीय
08-Jun-2026
...


- हाल ही में मिली रिहाई फिर चोरी की थी तैयारी, आरोपी पर दर्ज हैं हत्या, बलात्कार व चोरी के संगीन मामले अशोकनगर (ईएमएस)। शहर में बड़ी वारदात की तैयारी कर रहे एक शातिर पारदी बदमाश को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक धारदार तलवार बरामद हुई है। पूछताछ के दौरान उसने शहर में हुई दो चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता भी स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ हत्या, बलात्कार, चोरी और मारपीट जैसे कई गंभीर अपराध पहले से दर्ज हैं। हाल ही में वह एक चोरी के मामले में जेल से रिहा होकर बाहर आया था। कोतवाली थाना प्रभारी रवि प्रताप चौहान को सूचना मिली थी कि एक युवक मोटरसाइकिल पर तलवार लेकर मंदसौर मील क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना में यह भी बताया गया था कि वह किसी गंभीर अपराध को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने क्षेत्र में घेराबंदी शुरू कर दी और संदिग्ध की तलाश शुरू की गई। घेराबंदी के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर वह भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसकी मोटरसाइकिल में छिपाकर रखी गई एक धारदार तलवार बरामद हुई। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर थाने लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जीतू पुत्र नीतू पारदी निवासी गढ़ला, हाल निवासी हड्डी मील, गुना बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में ही आरोपी के कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने की जानकारी सामने आने लगी। पुलिस पूछताछ के दौरान जीतू पारदी ने खुलासा किया कि वह अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर अशोकनगर शहर में चोरी की नई वारदातों को अंजाम देने की योजना बना रहा था। उसने बताया कि वारदात को अंजाम देने से पहले वह इलाके की रेकी कर रहा था और इसी दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पूछताछ में आरोपी ने करीब 25 दिन पहले दुर्गा कॉलोनी में हुई चोरी और 24-25 मई की रात जेल के सामने स्थित एक सूने मकान में हुई चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि इन दोनों घटनाओं में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी की थी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में अपने अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं। उसने बताया कि चोरी की वारदातों में राजवीर पारदी, विक्की पारदी, दादी पारदी, भगत पारदी और अन्य साथी भी शामिल थे। पुलिस अब आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रवि प्रताप सिंह चौहान, उपनिरीक्षक मसीह खान, उपनिरीक्षक पुनीत दीक्षित, सहायक उपनिरीक्षक विनोद तिवारी, आरक्षक प्रशांत भदौरिया, सुनील पाल, विष्णु धाकड़ और गौरव रघुवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों की तलाश में जुटी है और चोरी की घटनाओं में बरामदगी के प्रयास भी किए जा रहे हैं। कई जिलों में दर्ज हैं हत्या, बलात्कार व चोरी के केस: पुलिस के मुताबिक जीतू पारदी आदतन और शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ अशोकनगर, गुना और विदिशा जिलों में हत्या, बलात्कार, चोरी, मारपीट और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। आरोपी का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड होने के कारण पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी हाल ही में विदिशा जिले के एक चोरी के मामले में जेल से रिहा हुआ था। जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय होना शुरू कर दिया। पुलिस का मानना है कि आरोपी से पूछताछ में शहर और आसपास के क्षेत्रों में हुई अन्य चोरी की घटनाओं से जुड़े भी महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। ईएमएस/ओमप्रकाश रघुवंशी/ 08 जून 2026