- एनवीडीए पहुंचे परेशान किसान, अधिकारी ने शिफ्टवार आपूर्ति का आश्वासन दिया खरगोन (ईएमसस)। जिले की बिस्टान माइक्रो सिंचाई परियोजना से पानी नहीं मिलने से किसान परेशान हैं। सोलना पंप से जुड़े लगभग सात गांव में पानी की आपूर्ति बाधित होने के कारण किसानों में चिंता है। अपनी समस्याओं को लेकर किसान सोमवार को नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे। यहां प्र. कार्यपालन यंत्री एनएस सोलंकी से किसानों ने मुलाकात की। किसानों ने बताया कि सोलना पंप से पर्याप्त पानी नहीं मिलने से उनकी फसलें प्रभावित हो रही हैं। खेतों में पानी की कमी के कारण बुवाई और सिंचाई का कार्य ठीक से नहीं हो पा रहा है, जिससे उपज पर बुरा असर पडऩे का अंदेशा है। नाराज किसानों का कहना था कि परियोजना का उद्देश्य ही खेतों तक पानी पहुंचाना है, लेकिन जब उन्हें ही पानी नहीं मिल पा रहा तो ऐसी योजना का लाभ क्या। समय पर पानी नहीं मिला तो उनकी मेहनत और लागत दोनों व्यर्थ हो जाएंगी। कार्यपालन यंत्री श्री सोलंकी ने किसानों की समस्या गंभीरता से सुनने के बाद उन्हें आश्वासन दिया कि जल्द ही शिफ्टवार पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि तकनीकी कारणों या प्रबंधन संबंधी किसी समस्या के कारण पानी की आपूर्ति बाधित हुई होगी, जिसे दुरुस्त किया जाएगा। किसानों ने अधिकारी के आश्वासन के बाद थोड़ी राहत महसूस की, लेकिन वे जल्द से जल्द पानी की नियमित आपूर्ति चाहते हैं। ईएमएस/ नाजिम शेख/ 08 जून 2026