क्षेत्रीय
08-Jun-2026
...


- केली में स्टॉफ नही होने से नवजात की मौत का आरोप खरगोन (ईएमसस)। जिले में 2 जून से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत 980 संविदा स्वास्थ्य अधिकारी- कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इससे जिले की स्वास्थ्य सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हुई हैं। विभागीय दावों के विपरीत, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उप-स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल सहित सभी डिलीवरी पॉइंट पर कार्य ठप है। ऐसा इसलिए क्योंकि अधिकांश कार्य संविदा कर्मचारियों द्वारा ही किया जाता है। हड़ताल के बीच सेगांव के केली डिलीवरी पॉइंट पर स्टॉफ की अनुपस्थिति के चलते एक नवजात की मौत का मामला भी सामने आया है। मिली जानकारी अनुसार ग्राम छोटी भड़वाली निवासी रेखा के शिशु की मृत्यु हो गई। रेखा ने आरोप लगाया कि अस्पताल में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। शिशु की मृत्यु के कारण की पुष्टि अभी नहीं हुई है। ग्रामीणों मेें आक्रोश, सीएम हेल्पलाईन पर पहुंची शिकायतें स्टॉफ की अनुपस्थिति के बीच हुई नवजात की मौत के बाद स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है। करीब एक दर्जन से अधिक शिकायतें सीएम हेल्पलाईन पर करने की जानकारी भी मिली है। केली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कुल सात में से छह संविदा कर्मचारी हड़ताल पर हैं, जिससे पूरा डिलीवरी पॉइंट अकेली एएनएम सुमन डावर के भरोसे चल रहा है। 10 से अधिक सेवाएं प्रभावित हड़तालरत संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ जिलाध्यक्ष ममता हिरवे ने बताया इस हड़ताल से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, गर्भवती माताओं का पंजीकरण व देखभाल, नियमित टीकाकरण सामान्य ओपीडी जांचें, टीबी मरीजों की जांच व दवा वितरण, औषधि वितरण तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र जैसे महत्वपूर्ण कार्य पूरी तरह ठप हैं। मेडिकल वार्ड, टीबी विभाग, एसएनसीयू, एएनसी वार्ड, लेबर रूम जैसी इकाइयां भी प्रभावित हैं। जिले के नौ पोषण पुनर्वास केंद्रों में बच्चों की देखभाल व उपचार सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। संविदा स्वास्थ्य संगठन की जिला अध्यक्ष श्रीमती हिरवे ने बताया कि उनकी मांग है कि सरकार जल्द से जल्द घोषित नीतियों के तहत उनकी लंबित मांगों का निराकरण करें, ताकि आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न होना पड़े और ऐसी दुखद स्थितियां दोबारा न हों। ईएमएस/ नाजिम शेख/ 08 जून 2026