राष्ट्रीय
08-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में आयोजित इंडिया गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक से आम आदमी पार्टी (आप) ने दूरी बना ली। पार्टी ने साफ कर दिया है कि वह अब इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं है और भविष्य में कांग्रेस के साथ किसी राजनीतिक गठबंधन की संभावना भी नहीं देखती। बैठक से पहले आप के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि जब पार्टी गठबंधन का हिस्सा ही नहीं है, तो बैठक में शामिल होने का सवाल नहीं उठता। उन्होंने स्पष्ट किया कि आप ने इंडिया गठबंधन से अपने रास्ते अलग कर लिए हैं। बताया जा रहा है कि पंजाब की राजनीति को लेकर आप और कांग्रेस के बीच मतभेद लगातार बढ़ रहे हैं। दोनों दल राज्य में एक-दूसरे के प्रतिद्वंद्वी हैं, जिसके कारण राजनीतिक दूरी और बढ़ गई है। आप और डीएमके ने बैठक का बहिष्कार किया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आप के इस फैसले से विपक्षी एकता को झटका लग सकता है। इंडिया गठबंधन पहले से ही कई राज्यों में चुनावी हार और सहयोगी दलों के बीच बढ़ते मतभेदों का सामना कर रहा है। ऐसे में आप का अलग रुख विपक्षी राजनीति के लिए नई चुनौतियां खड़ी कर सकता है। सुबोध/०८-०६-२०२६