पूर्व बर्धमान (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को एक और बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पूर्व बर्धमान जिले की मेमारी नगर पालिका का बोर्ड उस समय ध्वस्त हो गया, जब टीएमसी के 10 से अधिक पार्षदों ने सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफों के बाद नगर पालिका में पार्टी का बहुमत समाप्त हो गया और बोर्ड के अस्तित्व पर संकट खड़ा हो गया। रिपोर्ट के अनुसार, 16 सदस्यीय मेमारी नगर पालिका में चेयरमैन स्वपन बिस्वासी समेत 11 पार्षदों ने अपने इस्तीफे नगर पालिका के कार्यपालन अधिकारी देबराज बंद्योपाध्याय को सौंप दिए। अधिकांश पार्षदों ने इस्तीफे के लिए व्यक्तिगत कारण बताए हैं, हालांकि कुछ पार्षदों का कहना है कि वे पद पर रहते हुए जनता की समस्याओं का समाधान नहीं कर पा रहे थे और नगर सेवाएं प्रभावित हो रही थीं। सुबोध/०८-०६-२०२६