क्षेत्रीय
08-Jun-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3261 द्वारा रायपुर में आयोजित आभार मित्रों का थैंक्स गिविंग सेरेमनी एवं डिस्ट्रिक्ट अवार्ड सेरेमनी में रोटरी क्लब ऑफ बालाघाट रॉयल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अनेक प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त किए है। समारोह में क्लब अध्यक्ष संदीप असाटी को उनके उत्कृष्ट नेतृत्व, सेवा कार्यों के प्रति समर्पण एवं क्लब द्वारा वर्षभर किए गए उल्लेखनीय सामाजिक कार्यों के लिए डायनामिक प्रेसिडेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। वहीं रोटरी क्लब ऑफ बालाघाट रॉयल को जिला उत्कृष्टता पुरस्कार (मीडिया), जिला उत्कृष्टता पुरस्कार (स्प्लैश) तथा जिला उत्कृष्टता पुरस्कार (युवा सेवा) से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त क्लब लर्निंग फैसिलिटेटर सीएम बलजीत सिंह छाबड़ा को युवाओं के नेतृत्व विकास एवं व्यक्तित्व निर्माण हेतु आयोजित रोटरी की महत्वपूर्ण परियोजना रोटरी यूथ लीडरशिप अवाड्र्स (रायला) के सफल संचालन एवं उत्कृष्ट कार्यों के लिए सर्वश्रेष्ठ रायला चेयरमैन अवार्ड प्रदान किया गया। समारोह में रोटरी इंटरनेशनल डायरेक्टर 2027-29 एवं पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर वासुदेव गोलियान नेपाल, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एडवोकेट विवेक तन्खा राज्यसभा सांसद, वर्तमान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अमित जायसवाल, डिस्ट्रिक्ट फस्र्ट लेडी पल्लवी जायसवाल सहित अन्य बतौर अतिथि शामिल हुए। क्लब अध्यक्ष संदीप असाटी ने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि रोटरी क्लब ऑफ बालाघाट रॉयल के प्रत्येक सदस्य की सामूहिक मेहनत, सेवा भावना, समर्पण और टीमवर्क का परिणाम है। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था की सफलता उसके सदस्यों की एकता, सहभागिता और कार्य के प्रति समर्पण पर निर्भर करती है। यदि सभी सदस्य एक परिवार की तरह मिलकर कार्य नहीं करें तो ऐसी उपलब्धियां प्राप्त करना संभव नहीं है। सीए बलजीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करना रोटरी का प्रमुख उद्देश्य है। रायला के माध्यम से युवाओं को व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व कौशल एवं समाज के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण प्रदान करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने इस सम्मान को क्लब के सभी सदस्यों, सहयोगियों एवं रायला आयोजन से जुड़े प्रत्येक साथी को समर्पित करते हुए कहा कि यह पुरस्कार सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। क्लब के सचिव आशीष साहू एवं कोषाध्यक्ष राजेश गांधी ने क्लब के सभी सदस्यों का उनके अटूट विश्वास, सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। भानेश साकुरे / 08 जून 2026