फिरोजाबाद(ईएमएस) गौ रक्षा यात्रा को लेकर ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती सोमवार को फिरोजाबाद पहुँचे। यात्रा के दौरान जिले के कई सपा नेताओं और विधायकों ने उनका स्वागत किया और आरती उतारी। शंकराचार्य सबसे पहले टूण्डला पहुँचे, इसके बाद फिरोजाबाद नगर होते हुए शिकोहाबाद में सिरसागंज से सपा विधायक सर्वेश यादव के आवास पर पहुँचे। वहाँ शिकोहाबाद से सपा विधायक मुकेश वर्मा समेत कई सपा नेता मौजूद रहे। विधायकों ने आरती उतारकर शंकराचार्य का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनावों में जनता उसी पार्टी को वोट देगी जो गोमाता की रक्षा करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह शुद्ध मन से गौ माता की रक्षा के लिए यात्रा कर रहे हैं, जबकि राजनीति वालों को इसमें राजनीति नजर आती है। अयोध्या में दान पात्र में चोरी की घटना पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि दान पात्र की चोरी तो छोटी बात है, वहाँ बड़े बड़े जमीनों के मामले सामने आए हैं। उनका कहना था कि ट्रस्ट ही इसीलिए बनाया गया है। भाजपा पर निशाना साधते हुए सरस्वती जी ने कहा कि मुसलमानों द्वारा गाय माता को राष्ट्रीय माता घोषित करने पर भी भाजपा को अच्छा नहीं लगा, उल्टा उनको गलत बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को तो इस पर खुश होना चाहिए था। उन्होंने भाजपा सरकार में साधु संतों के अपमान का आरोप लगाते हुए कहा कि यह साधु संतों की सरकार नहीं है। कथा वाचक धीरेंद्र शास्त्री के दोस्ती जिहाद वाले बयान पर उन्होंने सवाल उठाया कि यहाँ तो डबल ट्रिपल इंजन की सरकार है, फिर इसे क्यों नहीं रोक रहे। ए.शर्मा/ईएमएस फिरोजाबाद