खेल
08-Jun-2026
...


:: आवेश खान की धारदार गेंदबाजी और त्रिपूरेष सिंह का हरफनमौला खेल; चंबल की जीत के रहे नायक :: इंदौर। होल्कर स्टेडियम में खेले गए मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग के 12वें मुकाबले में चंबल घड़ियाल ने अपने अनुशासित प्रदर्शन के दम पर उज्जैन फाल्कन्स को 7 रनों से पराजित किया। 200 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का बचाव करते हुए चंबल के गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों के तनावपूर्ण क्षणों में बेहतरीन संयम दिखाया, जिससे फाल्कन्स की टीम लक्ष्य से महज कुछ कदम दूर रह गई। पहले बल्लेबाजी करते हुए चंबल घड़ियाल ने 20 ओवर में 199/7 का स्कोर खड़ा किया। कप्तान शुभम शर्मा ने 44 गेंदों में 5 चौकों और एक छक्के की मदद से 57 रनों की धैर्यपूर्ण कप्तानी पारी खेली। मध्यक्रम में त्रिपूरेष सिंह ने 16 गेंदों में 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से 30 रन बनाए। पारी के अंतिम क्षणों में रोहित कुमार गुप्ता ने महज 17 गेंदों में 4 चौके और 3 गगनचुंबी छक्कों की आतिशी पारी खेलकर नाबाद 41 रन बनाए और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। उज्जैन के लिए आर्यन पांडे ने 48 रन देकर 4 विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी उज्जैन फाल्कन्स के लिए सोहम पटवर्धन (43 रन) और माधव तिवारी (28 रन) ने उम्दा शुरुआत की, लेकिन आवेश खान की सटीक गेंदबाजी ने मैच का पासा पलट दिया। उन्होंने 4 ओवर में मात्र 25 रन खर्च कर 3 अहम विकेट झटके। वहीं त्रिपूरेष सिंह ने गेंदबाजी में भी 2 विकेट चटकाकर फाल्कन्स के मध्यक्रम की कमर तोड़ दी। निर्णायक मोड़ तब आया जब उज्जैन ने 17वें ओवर में 158 रनों के स्कोर पर लगातार 3 विकेट गंवा दिए। अंतिम ओवर में उज्जैन को जीत के लिए 20 रनों की दरकार थी। अक्षय सिंह द्वारा फेंका गया यह ओवर बेहद तनावपूर्ण रहा। हर्षवर्द्धन हार्डिया ने 19.3 ओवर में छक्का जड़कर उम्मीदें जगाईं, लेकिन अक्षय सिंह ने दबाव में बेहतरीन वापसी की। हालांकि ओवर में 5 वाइड गेंदें फेंकी गईं, जिससे फाल्कन्स को अतिरिक्त रन तो मिले, लेकिन चंबल की अनुशासित गेंदबाजी के आगे वे 192/9 के स्कोर तक ही सीमित रह गए। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए त्रिपूरेष सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। :: संक्षिप्त स्कोर :: चंबल घड़ियाल : 20 ओवर में 199/7 (शुभम शर्मा 57, रोहित कुमार गुप्ता 41*, त्रिपूरेष सिंह 30; आर्यन पांडे 4/48) उज्जैन फाल्कन्स : 20 ओवर में 192/9 (सोहम पटवर्धन 43, माधव तिवारी 28; आवेश खान 3/25, त्रिपूरेष सिंह 2/35) प्रकाश/08 जून 2026