खेल
08-Jun-2026
...


:: अनामिका रघुवंशी की घातक गेंदबाजी के बाद बल्लेबाजों ने दिखाया दम; चंबल ने डेली कॉलेज में लहराया जीत का परचम :: इंदौर (ईएमएस)। डेली कॉलेज के मैदान पर खेले गए मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग महिला क्रिकेट मुकाबले में चंबल घड़ियाल्स ने बुंदेलखंड बुल्स को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए बुंदेलखंड बुल्स की टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर केवल 102 रन ही बना सकी। लक्ष्य का पीछा करते हुए चंबल घड़ियाल्स ने 16.2 ओवर में 108/4 रन बनाकर जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बुंदेलखंड बुल्स की शुरुआत बेहद खराब रही। चंबल घड़ियाल्स की गेंदबाज अनामिका रघुवंशी ने अपनी सटीक गेंदबाजी से विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। अनामिका ने 4 ओवर में मात्र 11 रन खर्च कर 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। बुंदेलखंड की बल्लेबाजी का आलम यह रहा कि टीम की 7 खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी पार न कर सकीं। टीम के लिए अनन्या दुबे ने 32 गेंदों में 38 रन और माही ठाकुर ने 39 गेंदों में 30 रन का योगदान दिया। चंबल की ओर से धनी बुचाडे ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 17 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए। 103 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंबल घड़ियाल्स की टीम ने संयमित और ठोस शुरुआत की। टीम के लिए राहिला फिरदौस 24 गेंदों में 28 रन बनाकर नाबाद रहीं। इसके अलावा कनिष्का ठाकुर ने 18 गेंदों में 23 रन और पूजा वस्त्राकर ने 16 गेंदों में 20 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं। अंत में अनामिका रघुवंशी ने नाबाद 13 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। बुंदेलखंड की ओर से यशश्विनी बोहारे और माही ठाकुर ने 1-1 विकेट हासिल किया। अनामिका रघुवंशी को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। :: संक्षिप्त स्कोर :: बुंदेलखंड बुल्स : 20 ओवर में 102/9 (अनन्या दुबे 38, माही ठाकुर 30; अनामिका रघुवंशी 3/11, धनी बुचाडे 2/17) चंबल घड़ियाल्स : 16.2 ओवर में 108/4 (राहिला फिरदौस 28*, कनिष्का ठाकुर 23, पूजा वस्त्राकर 20; यशश्विनी बोहारे 1/15, माही ठाकुर 1/17) प्रकाश/08 जून 2026