कोरबा (ईएमएस)। जेनरेशन कंपनी प्रबंधन पर कर्मचारी विरोधी नीति का आरोप लगाते हुए कर्मचारियों ने रैली निकाली। बड़ी संख्या में उपस्थित कर्मियों ने विरोध दर्ज करते हुए मुख्य अभियंता डीएसपीएम को प्रबंध निदेशक उत्पादन के नाम 7 सूत्रीय ज्ञापन आर.सी. चेट्टी के नेतृत्व में सौंपा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री चेट्टी ने कहा कि जेनरेशन कंपनी प्रबंधन की कर्मचारी विरोधी नीतियों को लेकर तीनों ही संयंत्र के कर्मचारियों में तीव्र असंतोष व्याप्त है। डीएसपीएम संयंत्र परिसर में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाते हुए छत्तीसगढ़ विद्युत कर्मचारी फेडरेशन 01 महासचिव श्री चेट्टी के नेतृत्व में प्रबंधन के नाम ज्ञापन सौपा। श्री चेट्टी ने कर्मचारियों की ओर से प्रस्तुत मांग पत्र की सभी मांगों का विस्तार से विवरण भी दिया। इस अवसर पर मुख्य अभियंता संजीव कंसल ने आश्वस्त किया कि कर्मचारियों की मांगों के संबंध में शीघ्र निर्णय लिए जाने के लिए मुख्यालय को अवगत कराया जाएगा। ज्ञापन में कर्मचारियों के पदोन्नति की 840 पदों को यथावत रखने तथा पदों की पुनर्संरचना, पुरानी पेंशन की बहाली, ओवर टाइम व इंसेंटिव सुविधा, सुरक्षा और अग्निशमन कर्मचारियों की पदोन्नति, संयंत्र में विभिन्न पदों में कार्यरत कर्मचारियों को सहायक 2 के पद पर नियुक्ति तथा ठेका श्रमिकों के न्यूनतम वेतन और श्रम कानून का कड़ाई से अनुपालन आदि मुद्दे ज्ञापन के अंतर्गत रखे गए। - 10 जून