राज्य
10-Jun-2026


- खड़ी गाड़ी से टकराई बाइक, युवक की मौत - ग्रामीणों ने 9 घंटे तक जाम रखा मुख्य मार्ग चतरा (ईएमएस)। झारखंड के चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र में देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार, संदली गांव के रहने वाले प्रदीप बाखला (पिता स्वर्गीय सोहर बाखला) जबड़ा चेकनाका के पास से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहे थे, तभी अचानक सड़क किनारे पहले से खड़ी एक गाड़ी से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रदीप ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। इस हादसे की खबर जैसे ही संदली गांव पहुंची, मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण आक्रोशित होकर सड़कों पर उतर आए। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने रात करीब 11 बजे चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग को पूरी तरह से जाम कर दिया। ग्रामीणों का यह आक्रोश बुधवार सुबह तक जारी रहा, जिसके चलते तकरीबन 9 घंटे तक इस व्यस्त मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप रहा। रात भर ग्रामीण और परिजन सड़क पर ही डटे रहे और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस लंबे चक्का जाम के कारण सड़क के दोनों तरफ मालवाहक और यात्री वाहनों की किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं, जिससे रात के समय यात्रा कर रहे यात्रियों और सुबह दैनिक कामकाज के लिए निकलने वाले आम लोगों को बेहद गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों की मुख्य मांग है कि मृतक के पीड़ित परिवार को आपदा प्रबंधन विभाग के तहत तत्काल उचित सरकारी मुआवजा दिया जाए। इसके साथ ही उन्होंने हाईवे पर बेकाबू दौड़ने वाले भारी वाहनों की गति सीमा तय करने और सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े रहने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सिमरिया क्षेत्र में इस तरह की लापरवाही के कारण पहले भी कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, लेकिन बार-बार ध्यान आकृष्ट कराने के बावजूद जिला प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय पुलिस बल मौके पर तैनात है और अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को समझा-बुझाकर व उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम हटवाने का प्रयास किया जा रहा है, हालांकि ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर फिलहाल अड़े हुए हैं। रामयश/ईएमएस 10 जून 2026