राज्य
10-Jun-2026


* 1,981 अस्पताल योजना से जुड़े, 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवच; हृदय, कैंसर, डायलिसिस और प्रत्यारोपण उपचार में हजारों करोड़ रुपये की सहायता गांधीनगर (ईएमएस)| गुजरात में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएमजेएवाय) के तहत अब तक कुल 2.79 करोड़ आयुष्मान कार्डधारकों को नि:शुल्क उपचार का लाभ दिया जा चुका है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, योजना के अंतर्गत प्रदेश में कुल 1,981 अस्पतालों को शामिल किया गया है, जिनमें 1,112 सरकारी और 869 निजी अस्पताल शामिल हैं। विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मरीजों को अधिकतम लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से योजना में 2,400 से अधिक छोटी-बड़ी चिकित्सा प्रक्रियाओं और उपचार पद्धतियों को शामिल किया गया है। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर स्वास्थ्य क्षेत्र में गुजरात की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानसेरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गुजरात ने पीएमजेएवाय के तहत स्वास्थ्य बीमा कवरेज को बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर देश में एक मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में राज्य सरकार नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पीएमजेएवाय के तहत सरकारी एवं निजी अस्पतालों में गंभीर बीमारियों का उपचार पूरी तरह नि:शुल्क किया जा रहा है। हृदय रोगों से संबंधित 6 लाख से अधिक सर्जरी दावों के अंतर्गत लाभार्थियों को 4,252.28 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। इसके अलावा, 12 हजार से अधिक मरीजों को किडनी एवं लीवर प्रत्यारोपण के लिए 74.65 करोड़ रुपये तथा 7 लाख से अधिक मरीजों को डायलिसिस उपचार के लिए 1,465.84 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है। कैंसर उपचार के क्षेत्र में कीमोथेरेपी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी और रेडिएशन थेरेपी के लिए 17 लाख से अधिक लाभार्थियों को 4,016.42 करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई है। स्वास्थ्य सेवाओं से कोई भी नागरिक वंचित न रहे, इस उद्देश्य के साथ कार्यरत राज्य सरकार ने श्रवण बाधित 124 बच्चों को कॉक्लियर इम्प्लांट सर्जरी की सुविधा भी प्रदान की है, जिस पर लगभग 5 करोड़ रुपये का व्यय किया गया है। सतीश/10 जून