राज्य
10-Jun-2026


- पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार - परसुडीह में चालक को पीट-पीटकर मारा, एमजीएम में पति ने खलबट्टे से ली पत्नी की जान जमशेदपुर (ईएमएस)। लौहनगरी जमशेदपुर में शक और घरेलू कलह के कारण महज कुछ ही घंटों के भीतर दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो निर्मम हत्याओं से सनसनी फैल गई है। पहली घटना परसुडीह में हुई जहां एक कान्वाई चालक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, वहीं दूसरी वारदात एमजीएम थाना क्षेत्र की है जहां एक पति ने खलबट्टे से वार कर अपनी पत्नी की जान ले ली। पुलिस ने दोनों ही मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। परसुडीह थाना क्षेत्र के करनडीह लाइन टोला में अवैध संबंध के संदेह में एक कान्वाई चालक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मोहन सोरेन के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला था और यहाँ करनडीह में अपने भाई के घर पर रहता था। पुलिस ने इस मामले में मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी पति राजू मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी राजू मुर्मू को शक था कि मृतक मोहन सोरेन का उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध है, जिसे लेकर दोनों में लंबे समय से तनाव चल रहा था। रात इसी विवाद ने उग्र रूप ले लिया और आरोपी ने मोहन सोरेन को पकड़कर देकची और लाठी-डंडों से बेदम पीटा, जिससे इलाज के दौरान अस्पताल में मोहन की मौत हो गई। आरोपी की पत्नी ने बताया कि वह रात में पति की मारपीट से डरकर बच्चों संग पड़ोस में छिप गई थी और सुबह लौटने पर उसे हत्या का पता चला। महिला के अनुसार, मृतक उसे मामी कहता था। दूसरी ओर, जिले के एमजीएम थाना क्षेत्र से भी शक के कारण एक हंसते-खेलते परिवार के उजड़ने की खौफनाक खबर आई है। यहां पारिवारिक कलह और चरित्र पर संदेह के चलते पति बापी मंडल ने अपनी 38 वर्षीय पत्नी गीता मंडल की रसोई के खलबट्टे से वार कर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी बापी मंडल को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसे लेकर घर में आए दिन झगड़ा होता रहता था। मंगलवार को भी दोनों के बीच तीखी कहासुनी हुई और विवाद बढ़ने पर आरोपी पति ने आपा खोकर रसोई में रखे भारी खलबट्टे से पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। लहूलुहान स्थिति में महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला है कि आरोपी बापी और गीता, दोनों ने एक-दूसरे से दूसरी शादी की थी। पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। रामयश/ईएमएस 10 जून 2026