नई दिल्ली (ईएमएस)। साउथ जोन के तहत आने वाली फ्रीडम फाइटर कॉलोनी में मंगलवार को एमसीडी ने दो जगहों पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की। एमसीडी की टीम जैसे ही पुलिस बल और दो जेसीबी के साथ गली में पहुंची कुछ ही देर में आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। दो जगहों पर चले इस अभियान में टीम ने दो इमारतों में तोड़फोड़ की, जबकि एक प्लॉट पर बने तीन फ्लैटों को सील किया। इसके अलावा अवैध तरीके से बने कुछ और फ्लैटों को नोटिस जारी किया गया है। उनके खाली होते ही सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। ए ब्लॉक में एक्शन खत्म होने के बाद अधिकारियो ने 7-8 कर्मचारियों को बी-15 पर एक्शन के लिए भेजा। यह बिल्डिंग पहले से बेसमेंट प्लस चार मंजिला बनी हुई थी। बिल्डिंग मालिक पिछले कुछ समय से इसी बिल्डिंग के ऊपर तीन अतिरिक्त फ्लोर बना रहा था। तीनों नए फ्लोर की चारदीवारी से लेकर तीनों फ्लोर पर लिंटर डालने का काम भी पूरा हो चुका था। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि क्योंकि बिल्डिंग पुरानी है, इसलिए इसके ऊपर बुलडोजर एक्शन नहीं हो सकता। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/10/ जून /2026