लखनऊ (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची बुधवार को जारी कर दी गई है। जिला स्तर पर प्रकाशित की गई इस अंतिम मतदाता सूची में पंचायत मतदाताओं को 9 अंकों का नया विशेष पहचान नंबर दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने दावे-आपत्तियों की पूरी प्रक्रिया के बाद यह अंतिम सूची तैयार की है। इस नई व्यवस्था से मतदाताओं को अपनी पहचान आसानी से साबित करने और चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने में सुविधा मिलेगी। नया 9 अंकीय पहचान नंबर अब पंचायत चुनाव के लिए मतदाताओं का आधिकारिक पहचान पत्र बनेगा। अंतिम मतदाता सूची जारी होने के साथ ही पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। मतदाता अब अपने संबंधित जिला, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर जारी सूची में अपना नाम और नया 9 अंकीय नंबर आसानी से देख और सत्यापित कर सकते हैं। अंतिम मतदाता सूची के अनुसार, प्रदेश में कुल 12 करोड़ 58 लाख 51 हजार 570 मतदाता दर्ज किए गए हैं। पुनरीक्षण के दौरान 1 करोड़ 81 लाख 96 हजार 367 नए मतदाताओं को सूची में शामिल किया गया, जबकि 1 करोड़ 41 लाख 76 हजार 809 मतदाताओं के नाम विभिन्न कारणों से हटाए गए। इसके परिणामस्वरूप मतदाताओं की संख्या में शुद्ध रूप से 40 लाख 19 हजार 558 की वृद्धि हुई है। जारी आंकड़ों के अनुसार लखनऊ जिले में अंतिम मतदाता सूची में 10 लाख 85 हजार 180 मतदाता शामिल हैं। वहीं प्रयागराज में 34 लाख 95 हजार 203, गोरखपुर में 29 लाख 63 हजार 142 और वाराणसी में 17 लाख 93 हजार 504 मतदाता दर्ज किए गए हैं। अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद पंचायत चुनाव की तैयारियों को गति मिलने की संभावना है। हालांकि चुनाव कार्यक्रम की घोषणा अभी नहीं हुई है। पंचायत प्रतिनिधियों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद सरकार ने वर्तमान प्रधानों को छह माह तक प्रशासक के रूप में जिम्मेदारी सौंपी है। उधर, पंचायत चुनाव में आरक्षण व्यवस्था तय करने के लिए गठित पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। आयोग को जिलावार सामाजिक और आर्थिक सर्वेक्षण के आधार पर अपनी रिपोर्ट छह माह के भीतर सरकार को सौंपनी है। माना जा रहा है कि आयोग की रिपोर्ट मिलने के बाद पंचायत चुनाव की प्रक्रिया और तेज हो सकती है। हालांकि कई जिलों में मतदाता सूची डाउनलोड करने में तकनीकी दिक्कतें सामने आई हैं। निर्वाचन विभाग का कहना है कि इन समस्याओं को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि मतदाता आसानी से अपना नाम सूची में देख सकें। जितेन्द्र 10 जून 2026