नई दिल्ली (ईएमएस)। दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर के एक बेड एंड ब्रेकफास्ट (बी एंड बी) प्रतिष्ठान में लगी भीषण आग की जांच कर रही पुलिस को नए सबूत मिले हैं और अब वह लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया, संचालन व्यवस्था तथा अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन में संभावित अनियमितताओं की जांच कर रही है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। नए तथ्य तीन जून को हौज रानी स्थित ‘फ्लोरिश स्टे’ बी एंड बी में लगी आग के मामले में गिरफ्तार होटल मालिक लवकेश बजाज और लेखाकार जय मिश्रा से पूछताछ के दौरान सामने आए। इस अग्निकांड में 21 लोगों की मौत हो गई थी। पूछताछ के दौरान मिश्रा ने जांचकर्ताओं को बताया कि बजाज के कहने पर उन्होंने बी एंड बी लाइसेंस प्राप्त करने के लिए अपने व्यक्तिगत दस्तावेज उपलब्ध कराए थे, जबकि आवेदन प्रक्रिया का संचालन होटल मालिक ने किया था। इस खुलासे के बाद जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि जब भवन और प्रतिष्ठान का वास्तविक स्वामित्व कथित तौर पर बजाज के पास था, तब लाइसेंस एक कर्मचारी के नाम पर कैसे प्राप्त किया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मिश्रा करीब एक दशक से बजाज के साथ लेखाकार के रूप में कार्यरत थे और उन्हें उनके सबसे भरोसेमंद कर्मचारियों में माना जाता था। उनकी मासिक तन्ख्वाह लगभग 35,000 रुपये बताई गई है। जांच में यह भी पता चला कि होटल के दैनिक संचालन का ज्यादातर नियंत्रण मिश्रा के हाथ में था और वह दोनों पालियों की निगरानी, कर्मचारियों की तैनाती और ड्यूटी रोस्टर तैयार करने, अतिथियों से संबंधित अभिलेखों के रखरखाव तथा प्रशासनिक कार्यों की देखरेख करते थे। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/10/ जून /2026