राष्ट्रीय
10-Jun-2026
...


* दैनिक यात्री संख्या 1.6 लाख के करीब पहुंची, मेट्रो बनी तेज, सुरक्षित और किफायती परिवहन का पसंदीदा माध्यम * फेज-3, गिफ्ट सिटी और एयरपोर्ट कनेक्टिविटी से मिलेगा नया विस्तार, गुजरात के शहरी विकास को मिलेगी और गति अहमदाबाद (ईएमएस)| किसी भी शहर की प्रगति का प्रमुख आधार उसकी कनेक्टिविटी और परिवहन व्यवस्था होती है। एक आधुनिक एवं एकीकृत परिवहन नेटवर्क विकास, रोजगार, पर्यटन तथा नागरिकों के जीवन स्तर को सीधे प्रभावित करता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश में कनेक्टिविटी और परिवहन क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन देखने को मिला है। गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने राज्य में विश्वस्तरीय मेट्रो नेटवर्क की परिकल्पना की थी, जिसका उद्देश्य ट्रैफिक दबाव कम करना, शहरों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करना और सार्वजनिक परिवहन को अधिक प्रभावी बनाना था। इसी दूरदृष्टि का परिणाम है कि आज अहमदाबाद-गांधीनगर मेट्रो तेज, सुरक्षित और विश्वसनीय सार्वजनिक परिवहन का सशक्त उदाहरण बन चुकी है। अहमदाबाद मेट्रो रेल परियोजना के फेज-1 और फेज-2 के सफल क्रियान्वयन के बाद 68.28 किलोमीटर लंबे नेटवर्क और 54 स्टेशनों के साथ यह सेवा लाखों नागरिकों के दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बन गई है। एएमसी, जीएमसी, एएमटीएस, बीआरटीएस और रेलवे जैसी संस्थाओं के साथ बेहतर समन्वय के माध्यम से यात्रियों को अंतिम पड़ाव तक कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जा रही है। वर्तमान में 200 से अधिक बसें मेट्रो स्टेशनों से होकर गुजरती हैं। * मेट्रो को मिला जनता का भरोसा गुजरात सरकार के ‘ईज ऑफ लिविंग’ के विजन को साकार करते हुए अहमदाबाद-गांधीनगर मेट्रो नागरिकों का समय बचाने और यात्रा को सुविधाजनक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। वर्ष 2023 में जहां प्रतिदिन औसतन 69 हजार यात्रियों ने मेट्रो सेवा का उपयोग किया था, वहीं यह संख्या 2024 में बढ़कर 1.01 लाख और 2025 में 1.33 लाख तक पहुंच गई। मई 2026 तक औसत दैनिक यात्रियों की संख्या 1.53 लाख दर्ज की गई है। इससे स्पष्ट है कि मेट्रो अब केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि तेज, किफायती और भरोसेमंद यात्रा का पसंदीदा विकल्प बन चुकी है। * अक्टूबर 2022 से मई 2026 तक 13.81 करोड़ यात्रियों ने किया सफर अक्टूबर 2022 में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार के बाद से मई 2026 तक कुल 13.81 करोड़ यात्रियों ने अहमदाबाद-गांधीनगर मेट्रो में यात्रा की है। हर महीने लाखों विद्यार्थी, कर्मचारी और पर्यटक अपनी दैनिक आवाजाही के लिए मेट्रो को प्राथमिकता दे रहे हैं। यह आंकड़ा न केवल मेट्रो की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है, बल्कि सार्वजनिक परिवहन के प्रति लोगों के बढ़ते विश्वास का भी प्रमाण है। * बड़े आयोजनों में मेट्रो बनी पहली पसंद अहमदाबाद स्थित नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में आयोजित आईपीएल मुकाबलों, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों तथा अन्य बड़े आयोजनों के दौरान भी मेट्रो यात्रियों की पहली पसंद बनकर उभरी। 30 अप्रैल 2026 को आयोजित आईपीएल मैच के दौरान 2.26 लाख से अधिक यात्रियों ने मेट्रो सेवा का उपयोग किया। वहीं 21 मई 2026 के मैच में 2.22 लाख तथा 18 फरवरी 2026 को आयोजित विश्व कप मैच के दौरान 2.21 लाख से अधिक यात्रियों ने मेट्रो से सफर किया। इसके अलावा 25 और 26 जनवरी 2025 को आयोजित कोल्डप्ले के कॉन्सर्ट के दौरान 4.11 लाख से अधिक यात्रियों ने मेट्रो सेवा का लाभ उठाया। * विस्तार से और मजबूत होगा शहरी परिवहन नेटवर्क यात्रियों की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए अहमदाबाद मेट्रो नेटवर्क के विस्तार की योजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। गिफ्ट सिटी एक्सटेंशन, एयरपोर्ट कनेक्टिविटी और अहमदाबाद मेट्रो फेज-3 के तहत 68 किलोमीटर से अधिक नए कॉरिडोर विकसित करने की योजना है, जिनकी विभिन्न स्तरों पर स्वीकृति प्रक्रिया जारी है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद मेट्रो नेटवर्क शहर के अधिक क्षेत्रों तक पहुंचेगा और गुजरात के आर्थिक तथा शहरी विकास को नई गति मिलेगी। इसके साथ ही लगभग 40 किलोमीटर लंबे नेटवर्क और 38 स्टेशनों वाले सूरत मेट्रो परियोजना का भी सफल ट्रायल रन शुरू हो चुका है। आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के रूप में मेट्रो आज गुजरात के शहरी विकास और जनसुविधा का महत्वपूर्ण आधार बन चुकी है तथा ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। सतीश/10 जून