-शराब दुकानों की चाबियां सौंपने पहुंचे ठेकेदार जोधपुर,(ईएमएस)। शराब दुकानों पर पुलिस की लगातार कार्रवाई के विरोध में बुधवार को जोधपुर के शराब ठेकेदारों ने अनोखा प्रदर्शन किया। ठेकेदार दुकानों की चाबियां लेकर पुलिस कमिश्नरेट पहुंचे और पुलिस कार्रवाई के चलते कारोबार चलाने में असमर्थता जताई। हालांकि पुलिस कमिश्नर के मौजूद नहीं होने पर वे अपनी मांग लेकर कलेक्ट्रेट पहुंच गए। जोधपुर लिकर एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश चौधरी ने आरोप लगाया कि पुलिस वैध शराब दुकानों को निशाना बना रही है, जबकि शहर में अवैध शराब और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। उन्होंने कहा कि पुलिस ग्राहकों को पकड़कर ले जाती है, उनके साथ दुर्व्यवहार करती है और दुकानों के बाहर खड़े वाहनों के चालान काटे जाते हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एसोसिएशन अध्यक्ष चौधरी ने कहा, सरकार द्वारा निर्धारित बिक्री लक्ष्य पूरे नहीं होने पर ठेकेदारों पर 150 प्रतिशत तक जुर्माना लगाया जाता है। उन्होंने दावा किया कि कमिश्नरेट क्षेत्र की 60 से 70 प्रतिशत शराब दुकानों पर कार्रवाई हो चुकी है, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। ठेकेदारों ने प्रशासन से इस मुद्दे पर हस्तक्षेप की मांग की है। हिदायत/ईएमएस 10जून26