क्षेत्रीय
10-Jun-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। जिले के मस्तूरी विकासखंड के ग्राम ठाकुरदेवा में ग्रामीणों को स्थायी एवं नियमित पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में जल जीवन मिशन के तहत किए जा रहे अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुके हैं। अब गांव को हरदी-भटचौरा समूह जल प्रदाय योजना से जोडकऱ पर्याप्त एवं निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के अनुसार लगभग 1840 आबादी वाले ग्राम ठाकुरदेवा में वर्तमान में 16 हैंडपंपों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। ग्रामीणों को दीर्घकालिक समाधान देने के उद्देश्य से जल जीवन मिशन के तहत करीब 76.32 लाख रुपए की लागत से एकल ग्राम जल प्रदाय योजना स्वीकृत की गई थी। योजना के अंतर्गत 95 किलोलीटर क्षमता का उच्च स्तरीय जलागार (ओवरहेड टैंक), पाइपलाइन विस्तार, बाउंड्रीवाल निर्माण तथा 330 घरेलू नल कनेक्शन सहित अधिकांश निर्माण कार्य पूरे कर लिए गए हैं। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक चरण में डायरेक्ट पंपिंग के जरिए आंशिक जलापूर्ति की जा रही थी, लेकिन पर्याप्त जल स्रोत नहीं मिलने और कुछ तकनीकी कारणों से नियमित आपूर्ति प्रभावित हुई। इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए ग्राम ठाकुरदेवा को हरदी-भटचौरा समूह जल प्रदाय योजना में शामिल किया गया है। इस योजना के तहत हेडवक्र्स से जुड़े कार्य वर्तमान में निविदा प्रक्रिया में हैं। कार्य पूरा होने के बाद गांव के सभी परिवारों को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ और नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा। जिला प्रशासन और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग का कहना है कि जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाने के लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। गांव की स्थिति 0 ग्राम ठाकुरदेवा की आबादी: 1840 0 वर्तमान में संचालित हैंडपंप: 16 योजना पर खर्च 0 कुल लागत: 76.32 लाख रुपए 0 जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत योजना क्या-क्या काम हुए 0 95 किलोलीटर क्षमता का जलागार तैयार 0 पाइपलाइन विस्तार कार्य पूरा 0 बाउंड्रीवाल निर्माण पूर्ण 0 330 घरेलू नल कनेक्शन लगाए गए क्यों आई परेशानी 0 पर्याप्त जल स्रोत उपलब्ध नहीं था 0 तकनीकी कारणों से नियमित जलापूर्ति प्रभावित हुई आगे क्या होगा 0 हरदी-भटचौरा समूह जल प्रदाय योजना से जुड़ेगा गांव 0 निविदा प्रक्रिया जारी 0 सभी परिवारों को नियमित और स्वच्छ पेयजल मिलेगा मनोज राज 10 जून 2026