- पर्यटकों को जाने से रोकने के लिए लगाए पोस्टर रायसेन (ईएमएस) ।रायसेन किले की ऐतिहासिक पहाड़ी पर पिछले 15 दिनों से बाघ की लगातार मौजूदगी दर्ज की जा रही है। पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग ने किले की पहाड़ी परआवागमन प्रतिबंधित कर दिया है। विभाग ने रास्तों पर चेतावनी पोस्टर लगाए हैं और निगरानी के लिए वनकर्मियों को तैनात किया है। वन विभाग द्वारा लगाए गए कैमरा ट्रैप में बाघ कई बार कैद हुआ है। सबसे अधिक मूवमेंट सोमेश्वर धाम मंदिर के पास स्थित जलस्रोत पर दर्ज किया गया है। भीषण गर्मी के कारण बाघ पानी की तलाश में यहां पहुंच रहा है। कैमरों में उसे पानी पीते और आसपास आराम करते हुए भी देखा गया है। सैर पर निकले लोगों ने देखे थे पग मार्क करीब 15 दिन पहले सुबह की सैर पर निकले लोगों ने किले की पहाड़ी पर बाघ के पदचिह्न देखे थे। सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया और विभिन्न स्थानों पर कैमरा ट्रैप लगाए। इसके बाद से लगातार बाघ की मौजूदगी दर्ज हो रही है। वन विभाग ने लोगों से प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेशनहीं करने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। विभाग की टीम लगातार बाघ की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। किशोर वर्मा/ईएमएस/10 /06 /26