- समाजसेवियों एवं प्रतिभावान युवाओं को किया जाएगा सम्मानित इन्दौर (ईएमएस) जिले एवं समीपवर्ती अंचलों की युवा प्रतिभाओं एवं समाजसेवियों के कृतीत्व को सामाजिक सम्मान प्रदान करने के उद्देश्य से वर्ष 2013 में गठित ऋषभदेव गौरव न्यास की साधारण सभा जंवरीबाग नसिया में संपन्न हुई जिसमें सर्वसम्मति से डॉ अनुपम जैन, अध्यक्ष, नवीन गाजियाबाद संरक्षक, जैनेश झांझरी महामंत्री एवं डॉक्टर सिद्धार्थ जैन को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया। न्यायमूर्ति जे के जैन को पुनः निर्णायक मंडल का अध्यक्ष बनाया गया। चुनाव संपन्न होने के पश्चात डॉ अनुपम जैन ने घोषणा की कि वर्ष 2026 के लिए एक वरिष्ठ समाजसेवी एवं एक प्रतिभावान युवा को न्यास द्वारा अक्टूबर नवंबर माह में समारोह पूर्वक समाज गौरव सम्मान एवं युवा गौरव सम्मान प्रदान किया जाएगा। धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि प्रतिभाओं के चयन हेतु समाज से प्रविष्ठियां आमंत्रित की जाएंगी एवं निर्णायक मंडल द्वारा चयनित प्रतिभा को शाल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र के साथ सम्मानित कर 1 लाख 11 हजार रुपए की राशि प्रदान की जाएगी। वर्ष 2026 के पुरस्कार की राशि के प्रायोजक टीएनए सॉल्यूशन लिमिटेड होंगे इस आशय की घोषणा करतल ध्वनि के बीच कंपनी के डायरेक्टर अनुज जैन ने की। सभा में न्यायमूर्ति जेके जैन, हंसमुख गांधी, टी के वेद, अशोक खासगीवाला, डॉ जैनेंद्र जैन, जैनेश झांझरी,अनिल जैनको, अंबुज जैन,आयुष जैन डॉ अनुपमा जैन, डॉ संगीता विनायका आदि समाज श्रेष्ठी उपस्थित थे।सभी ने मनोनीत अध्यक्ष डॉ अनुपम जैन का एवं पुरस्कार प्रायोजक अनुज जैन का स्वागत कर बधाई दी। आनंद पुरोहित/ 10 जून 2026