- लोकतंत्र बचाने की उठाई आवाज, जिले में आया भू -चाल रायसेन (ईएमएस)। मध्यप्रदेश से राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय के सामने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधीवादी तरीके से पांच घंटे का उपवास रखकर विरोध दर्ज कराया। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस उपवास कार्यक्रम में कांग्रेस के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस घटनाक्रम के बाद कांग्रेस खेमे में मानो भू- चाल आ गया है । कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने नामांकन निरस्तीकरण की कार्रवाई को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए इसकी कड़ी आलोचना की। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया का संरक्षण जरूरी है और विपक्ष की आवाज को दबाने का कोई भी प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा लगातार लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बनाकर विपक्ष को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उपवास कार्यक्रम में मौजूद नेताओं ने कहा कि राज्यसभा चुनाव जैसी महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना आवश्यक है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किया जाना लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है और इससे चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर राजनीतिक लाभ के लिए लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को प्रभावित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने और राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को कमजोर करने की कोशिशें लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं हैं। नेताओं ने यह भी कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा, निष्पक्ष राज्यसभा चुनाव कराने और विपक्ष के अधिकारों की सुरक्षा की मांग को लेकर नारेबाजी की। उपवास स्थल पर पूरे समय कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी बनी रही और नेताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र को कमजोर करने वाली किसी भी कार्रवाई का कांग्रेस शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती रहेगी। वहीं भाजपा के शीर्ष नेता काफी हद तक गिर जाते हैं। ऐसा पहली बार नहीं बल्कि अनेक चुनाव में हेराफेरी कर पिछले दरवाजे से जीत हासिल कर चुके हैं।वहीं नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष प्रभात चावला ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता बनाए रखना देशहित में जरूरी है और कांग्रेस इस मुद्दे को जनता के बीच लेकर जाएगी। उपवास कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कांग्रेस नेता शेर सिंह लोधी, कामता प्रसाद राजोरिया ने स्पष्ट किया कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित कराने के लिए भविष्य में भी आंदोलन जारी रखा जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, कामता प्रसाद राजोरिया, प्रभात चावला,उप सरपंच शेर सिंह लोधी, राजू माहेश्वरी, जावेद अहमद खान,आईटी सेल के भूपेंद्र लोधी, संतोष शर्मा एडवोकेट, पूर्व सरपंच नईम खान,डग़्गा पहलवान अकील इंडियन, हसीब हिन्दुस्तानी, जावेद कदीर उपस्थित रहे। किशोर वर्मा