क्षेत्रीय
10-Jun-2026
...


ग्वालियर ( ईएमएस ) । मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव के निर्देश पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ग्वालियर द्वारा फूलबाग स्थित गांधी उद्यान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष हाथ पर काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण उपवास, सत्याग्रह एवं धरना प्रदर्शन आयोजित कर भाजपा सरकार द्वारा लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या के विरुद्ध जोरदार विरोध दर्ज कराया गया। धरना-उपवास को संबोधित करते हुए कांग्रेसजनों ने कहा कि मध्यप्रदेश से राज्यसभा के लिए कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री मीनाक्षी नटराजन का नामांकन जिस प्रकार निरस्त किया गया है, वह केवल एक प्रशासनिक निर्णय नहीं बल्कि भाजपा द्वारा लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का सुनियोजित राजनीतिक षड्यंत्र है। भाजपा के दबाव और प्रभाव में लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया गया है। भाजपा के इशारे पर यह कार्यवाही लोकतंत्र पर सीधा हमला और सीट चोरी है।  जब भाजपा राजनीतिक रूप से कांग्रेस का मुकाबला नहीं कर पा रही है, तब वह संवैधानिक संस्थाओं को अपने राजनीतिक हितों की पूर्ति का माध्यम बनाने में लगी हुई है। कांग्रेस हमेशा लोकतंत्र, संविधान और जनमत की सर्वोच्चता में विश्वास करती रही है। मीनाक्षी नटराजन जी के नामांकन को निरस्त करना केवल एक व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं बल्कि मध्यप्रदेश की जनता की आवाज को दबाने का प्रयास है। कांग्रेस इस अन्याय के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर संवैधानिक लड़ाई लड़ेगी।  कांग्रेस के उपवास सत्याग्रह धरने में प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा, प्रदेश सचिव राहुल शर्मा, संजय सिंह राठौर, राम पांडे, जिला संगठन महामंत्री इब्रहिम पठान, वीर सिंह तौमर, श्रीमती सीमा समाधिया, मंगल यादव, चतुर्भुज धनोलिया, जेएच जाफरी, हमीद खां उस्मानी, श्रीमती शांती कुशवाह, श्रीमती मीनू परिहार, हरेन्द्र सिंह गुर्जर, रामबाबू श्रीवास, योगेन्द्र नौनेरा, गोपी लाल भारतीय, मेहबूब खां चेनवाले, भैयालाल भटनागर, , डॉ. आर.सी राजपूत, अशोक सूर्यवंशी सहित अनेक कांग्रेसजन सम्मलित थे।