- पुलिस गिरफ्त में आरोपी। शाजापुर (ईएमएस)। दाल से भरे ट्रक चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 8 जून की रात हनुमानगढ़ी मंदिर के पास से भावसिंह मेवाड़ा का ट्रक अज्ञात बदमाशों द्वारा चोरी कर लिया गया था। इस ट्रक में 6.6 टन चने की दाल लदी हुई थी। घटना के अगले दिन, 9 जून को डाबरीपुरा निवासी फरियादी निखिल सोनी ने शुजालपुर सिटी थाने पहुंचकर इसकी आधिकारिक रिपोर्ट दर्ज कराई। ट्रक की अनुमानित कीमत 7 लाख रुपये थी, जबकि उसमें रखी चने की दाल की कीमत 4 लाख 74 हजार 630 रुपये आंकी गई। कुल मिलाकर यह 11 लाख 74 हजार 630 रुपये की बड़ी चोरी थी। शिकायत के आधार पर शुजालपुर सिटी थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय और एसडीओपी निमेष देशमुख के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार पाठक के नेतृत्व में टीम ने शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और साइबर सेल की सटीक जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में सफल रही। दो आरोपी गिरफ्त में, दो की तलाश जारी ठोस सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजेश उर्फ राज मेवाड़ा 21, निवासी ग्राम बोलाई थाना अकोदिया और अविनाश मालवीय 27, निवासी रायकनपुरा शुजालपुर सिटी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी गया ट्रक और पूरी दाल बरामद कर ली है। फिलहाल पुलिस इस वारदात में शामिल दो अन्य फरार आरोपियों जुगल बागरी निवासी रायपुर रोड, शुजालपुर सिटी और लखन भिलाला निवासी ग्राम बोलाई की सरगर्मी से तलाश कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शेष आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। ईएमएस/ राजेश कलजोरिया/ 10 जून 2026