- सीबीआई को मिली दूसरी पीएम रिपोर्ट - गिरीबाला और समर्थ को पूछताछ के लिये लिया जा सकता है दोबारा रिमांड पर भोपाल(ईएमएस)। भोपाल में एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच कर रही सीबीआई को दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिल गई है। बंद लिफाफे में मिली दूसरी पीएम रिपोर्ट का फिलहाल जांच एजेंसी बारीकी से अध्ययन कर रही है। हालांकि पहली पीएम रिपोर्ट में शरीर पर चोटों का उल्लेख है। सीबीआई यह पता लगाने का प्रयास कर रही है, कि चोटें सामान्य थीं, या घटना से जुड़े किसी अहम और परिवार वालो द्वारा लगाये गये प्रताड़ना के आरोपो से जुड़ी हो सकती हैं। मामले की जांच फिलहाल ट्विशा के गर्भवती होने, गर्भपात कराने और इसके बाद हुई मौत की परिस्थितियों के आस-पास घूम रही है। सीबीआई घटनास्थल की परिस्थितियों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों को जोड़कर सच की पड़ताल करने में लगी है। जांच टीम फांसी के फंदे से जुड़े तथ्यों को भी डमी ट्रायल और फोरेंसिक साक्ष्यों के जरिए समझने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि जब तक सभी पहलुओं की जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। सीबीआई ट्विशा के मोबाइल फोन और लैपटॉप से डिलीट किए गए डेटा को रिकवर करने में जुटी है। गौरतलब है कि मामले में ट्विशा की सास पूर्व जज गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह केंद्रीय जेल भोपाल में बंद हैं। दोनों पर सुसाइड के लिए उकसाने, दहेज मांगने, प्रताड़ित करने और धमकाने जैसे आरोप हैं। सूत्रों के अनुसार दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और नए साक्ष्यों के आधार पर सीबीआई दोनों आरोपियों से दोबारा पूछताछ के लिये उन्हें प्रोटेक्शन वारंट पर जेल से रिमांड पर ले सकती है। जुनेद / 10 जून