पौधरोपण से पर्यावरण संरक्षण और जल बचाने के लिए ठोस प्रयास जरूरी मंत्री श्री पटेल ने पंचायत भवन और कायाकल्प योजना के तहत 06 सड़कों का लोकार्पण किया नरसिंहपुर,(ईएमएस) । प्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जनकल्याण के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिसमें जनप्रतिनिधियों के द्वारा गांव में रात्रि विश्राम, स्वच्छता, पौधरोपण, विकास कार्य सहित विशिष्ट नागरिक जनों से भेंटकर जनसंवाद करना शामिल है। मंत्री श्री पटेल बुधवार को ग्राम पंचायत नकटुआ में अटल ग्राम सेवा सदन (पंचायत भवन) के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मंत्री श्री सिंह व अन्य अतिथियों ने 20 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित अटल ग्राम सेवा सदन (पंचायत भवन) और यशोदा गार्डन शंकराचार्य वार्ड नरसिंहपुर में कायाकल्प योजना के तहत 346.75 लाख रुपये लागत की 06 सड़कों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री नीरज दुबे, पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल, श्री रामसनेही पाठक, महंत प्रीतमपुरी गोस्वामी, अन्य जनप्रतिनिधि सहित गणमान्य नागरिक मौजूद थे। मंत्री श्री पटेल व अन्य अतिथियों ने पीएम स्वनिधि योजना, शहरी क्षेत्र में पट्टा और भवन संनिर्माण कर्मकार मंडल के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए । मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि हमारी सरकार गरीबों के हित में लगातार काम कर रही है। देश के गरीब परिवारों को नि:शुल्क खाद्यान्न उपलब्ध करा रही है, जिससे गरीब परिवारों को खाद्यान्न की समस्या न रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, बिजली, पानी जैसी अधोसंरचनात्मक कार्य हुए हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से गांव-गांव में पक्की सड़कों और पुल-पुलियो का निर्माण कर गांवों को मुख्य सड़कों से जोड़ा गया है। प्रदेश में नल-जल योजना के माध्यम से घर- घर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। नागरिकों और किसानों को भरपूर मात्रा में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत गरीब परिवारों के लिए पक्के आवास भवन बनाए गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना ने गरीब परिवारों को पक्के मकान में रहने के सपनों को साकार किया है। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि आने वाली पीढ़ी को अच्छे संस्कार और सुविधाएं देना आवश्यक है। जिससे वे अच्छी आदतों को आत्मसात कर सकें। उन्होंने कहा कि हमें पौधरोपण कर पर्यावरण की रक्षा करनी होगी और जल संरक्षण के लिए भी कार्य करना होगा। जिससे हमें शुद्ध हवा एवं शुद्ध जल की प्राप्ति हो सके। उन्होंने कहा कि हमारा समाज नशे की चुनौतियों का सामना कर रहा है। आने वाली पीढ़ी को नशे की चंगुल से बचाना होगा। उन्हें नशे के दुष्परिणाम बताने होंगे, जिससे हमारे और आपके बच्चे स्वस्थ व निरोग रहें। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि हमारा देश प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में कोरोना काल जैसे संकटों का सहजता से सामना किया है। प्रधानमंत्री जी ने कोरोना जैसी महामारी से नागरिकों को प्रभावित नहीं होने दिया। इस दौरान प्रत्येक नागरिकों के लिए सुरक्षा और चिकित्सा का सम्पूर्ण प्रबंध किया गया। प्रधानमंत्री श्री मोदी जी ने कोरोना काल में भारत देश के साथ- साथ अन्य देशों की भी मदद की। उन्होंने कहा कि अमेरिका- ईरान युद्ध के दौरान भी प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के नेतृत्व में देश में पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी गैसों की कमी नहीं होने दी जा रही है। इस युद्ध के दौरान भी देश के नागरिकों को पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी गैस की आपूर्ति की जा रही है। मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि नरसिंहपुर जिला एक प्राचीन एवं समृद्ध जिला है। नरसिंहपुर जिला अपनी विविधता से देश में अपनी पहचान कायम रखा है। नरसिंहपुर में सबसे उपजाऊ भूमि है, धार्मिक क्षेत्र है और यह कृषि प्रधान जिला है। उन्होंने कहा कि नरसिंहपुर जिला मुख्यालय में रोजाना हजारों लोगों का आना- जाना लगा रहता है, हमें उनकी भी मूलभूत सुविधाओं की चिंता भी करनी चाहिए। जिससे जिला मुख्यालय में आने वाले नागरिकों को किसी भी प्रकार की समस्याओं का सामना न करना पड़े। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि हमारी सरकार ने प्राचीन नदियों को पुनर्जीवन करने का कार्य प्रारंभ किया है। नदियों की पहचान ही ऐसी है, कि वह अपने इतिहास को समेटे हुए प्रवाहित होते रहती है, जिससे विभिन्न सभ्यताओं की जानकारी मिलती है। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि सभी नागरिकों को संकल्प लेना होगा कि सिंगरी नदी के जल को साफ व स्वच्छ रखने के लिए गंदा पानी नदी में प्रवाहित न करें। यह हम सभी के लिए एक चुनौती है, लेकिन इसे पूरा करना हमारा दायित्व है। सिंगरी नदी का जल आगे जाकर मां नर्मदा जी में समाहित होता है, इसलिए सिंगरी नदी का जल साफ व स्वच्छ होकर प्रवाहित हो, इसके लिए सभी नागरिकों की सहभागिता जरूरी है। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि शहर को साफ व स्वच्छ रखने के लिए शहरवासी अपने घरों का कचरा इधर-उधर न फेंके, कचरे को हमेशा डस्टबिन में ही डाले। मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने इसके पूर्व प्रगति पथ यात्रा नर्मदा आश्रय स्थल बरमानकलां का निरीक्षण कर पौधरोपण किया। बरमानघाट में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर मां नर्मदा जी की स्वच्छता कार्य में सहभागिता की। ग्राम पंचायत तिंसरा में पुल का लोकार्पण और ग्राम पंचायत सिमरियाकलां में पुल का भूमिपूजन किया। मंत्री श्री पटेल ने ग्राम दिल्हेरी में साकेतधाम हनुमान मंदिर के दर्शन किए और गौशाला का लोकार्पण किया। इसके बाद ग्राम बरखुवा टोला में जनसंवाद कार्यक्रम एवं भारिया जनजाति के साथ सहभोज कार्यक्रम में शामिल हुए। ईएमएस/राहुल वासनिक/ 10 जून 2026