बालाघाट (ईएमएस). आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध विशेष अभियान चलाते हुए व्यापक कार्रवाई की गई। अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में सामूहिक दबिश देकर बड़ी मात्रा में अवैध शराब एवं शराब निर्माण सामग्री जब्त की। आबकारी विभाग के अनुसार आबकारी वृत्त वारासिवनी, लांजी एवं बालाघाट की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम कुम्हली, टेमनी, फुलचुर एवं आसपास के क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। इस दौरान जंगलों, तालाबों एवं नदी किनारे स्थित विभिन्न स्थानों पर छापामार कार्रवाई करते हुए प्लास्टिक की बोरियों में भरा हुआ लगभग 1500 किलोग्राम महुआ लाहन तथा 45 लीटर हाथ भट्टी से निर्मित महुआ की कच्ची शराब बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान जब्त महुआ लाहन के नमूने विधिवत लिए गए तथा शेष लाहन को मौके पर ही नियमानुसार नष्ट कर दिया गया। आबकारी अधिकारियों ने बताया कि बरामद सामग्री का उपयोग अवैध रूप से शराब निर्माण के लिए किया जाना था। इस मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(1)(च) के तहत चार प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 1 लाख 26 हजार 750 रुपये आंका गया है। जिला आबकारी अधिकारी अजीत एक्का ने बताया कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण एवं विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से भी अवैध शराब संबंधी गतिविधियों की जानकारी विभाग को देने की अपील की है, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके। भानेश साकुरे / 10 जून 2026