क्षेत्रीय
10-Jun-2026


नरसिंहपुर,(ईएमएस) । कौशल विकास संचालनालय द्वारा संचालित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ है, जिसकी अंतिम तिथि 30 जून 2026 है। शासन का लक्ष्य है कि शासकीय आईटीआई में उपलब्ध सीटों पर शतप्रतिशत प्रवेश और महिला अभ्यर्थियों का न्यूनतम 35 प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित करना है। आईटीआई में सत्र 2026-27 के लिए 30 जून तक पोर्टल https://dsd.mp.gov.in पर जाकर पंजीयन, ज्वाईस फिलिंग और त्रुटि सुधार कर सकते हैं। इस संबंध में कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया है। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने निर्देशित किया है कि ग्राम पंचायतों में कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराई जाए। पंचायत सचिव एवं सरपंच स्थानीय विद्यालयों के सहयोग से आईटीआई प्रवेश संबंधी जानकारी विद्यार्थियों तक पहुंचाएं और पात्र अभ्यर्थियों का अधिक से अधिक ऑनलाइन पंजीयन एवं चॉइस फिलिंग कराई जाए। महिला एवं बाल विकास विभाग के मैदानी अमले के द्वारा बालिकाओं और महिलाओं को आईटीआई के रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों की जानकारी देकर प्रवेश के लिए प्रेरित किया जाए। स्वसहायता समूह के माध्यम से भी प्रचार- प्रसार कराना सुनिश्चित किया जाए। जिला शिक्षा अधिकारी एवं जनजातीय कार्य विभाग के द्वारा विद्यालयों में करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित किए जाएं। साथ ही कक्षा 8 वीं, 10 वीं एवं 12 वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को आईटीआई पाठ्यक्रमों एवं रोजगार अवसरों की जानकारी प्रदान करें। कलेक्टर ने जिले के नगरीय निकायों व नगर परिषदों और जनपद पंचायत कार्यालयों के सूचना पटल पर प्रवेश संबंधी प्रचार सामग्री प्रदर्शित की जाए। वार्ड स्तर तक इसका व्यापक प्रचार- प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभाग के द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रचार वीडियो, डिजिटल सामग्री का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए। साथ ही अभिभावकों को तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक किया जाए। प्रत्येक विभाग अपने अधीनस्थ क्षेत्र में प्रवेश जागरूकता अभियान संचालित कर अधिकतम विद्यार्थियों को आईटीआई में प्रवेश के लिए प्रेरित करें। अभियान की साप्ताहिक रिपोर्ट भी जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए। कलेक्टर ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी उक्त निर्देशों का गंभीरता से पालन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने जिले में शतप्रतिशत आईटीआई प्रवेश एवं महिला प्रवेश के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सक्रिय सहयोग प्रदान करने के लिए कहा है। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए शासकीय आईटीआई नरसिंहपुर के लिए श्री अनिल कुमार सोनी मोबाइल नंबर 7999826516, शासकीय आईटीआई गाडरवारा के लिए श्री देवेन्द्र विश्वकर्मा मोबाइल नंबर 9993222447, शासकीय आईटीआई गोटेगांव के लिए श्री एनपी कोष्टा मोबाइल नंबर 7879008337, शासकीय आईटीआई तेंदूखेड़ा के लिए श्री शैलेष कोल मोबाइल नंबर 8959191528 व 7987841580 और शासकीय आईटीआई बाबई चीचली के लिए श्री विजय कुमार वर्मा मोबाइल नंबर 9584520033 पर सम्पर्क कर सकते हैं। ईएमएस/राहुल वासनिक/ 10 जून 2026