नरसिंहपुर,(ईएमएस) । कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मानसून सत्र के पूर्व तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क, पुल-पुलिया मरम्मत, नगरीय निकायों में जर्जर भवन, स्कूल, छात्रावास, आंगनवाड़ी, पंचायत भवन, नहर एवं डेम सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने निर्देशित किया कि पुराने स्कूल, आंगनवाड़ी एवं अन्य सार्वजनिक भवन जो क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, उन्हें प्राथमिकता से ध्वस्त (डिस्मेंटल) करने की कार्यवाही की जाए। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए कि कंडम/ क्षतिग्रस्त भवनों की सूची 3 दिवस के भीतर लोक निर्माण विभाग को उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित किया जा सके। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने बैठक में सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगरीय क्षेत्रों में जर्जर एवं क्षतिग्रस्त भवनों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। साथ ही पिछले वर्ष बरसात के दौरान नर्मदा नदी के किनारे स्थित जो ग्राम डूब क्षेत्र में आए थे, उन्हें इस वर्ष पुनः चिन्हित कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि क्षतिग्रस्त भवनों एवं संभावित जोखिम वाले स्थलों के पास सांकेतिक बोर्ड लगाए जाएं। इसके साथ ही पुल-पुलियों पर भी सुरक्षात्मक संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि बाढ़ की स्थिति में किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। उन्होंने नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों में नालों एवं नालियों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था रहे, जिससे रहवासी क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति निर्मित न हो। ईएमएस/राहुल वासनिक/ 10 जून 2026