क्षेत्रीय
10-Jun-2026
...


- पेयजल, सड़क, नालियों और आंगनबाड़ी भवनों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश जबलपुर, (ईएमएस)। कैंट विधानसभा क्षेत्र के विधायक अशोक रोहाणी ने बुधवार को कैंटोनमेंट क्षेत्र में लंबित विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा के लिए कैंटोनमेंट बोर्ड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के साथ बैठक की। बैठक में क्षेत्रवासियों से प्राप्त शिकायतों और विभिन्न वार्डों की मूलभूत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए। बैठक में गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता का विषय बनाया गया। विधायक रोहाणी ने बंद और खराब पड़े बोरवेलों की तत्काल मरम्मत कराने, पूर्व स्वीकृत बोरिंग कार्यों को शीघ्र पूरा करने तथा बोरिंगों की फ्लशिंग कराने के निर्देश दिए। साथ ही जर्जर आंगनबाड़ी भवनों के जीर्णोद्धार, मानसून से पहले नालों और नालियों की सफाई तथा करौंदी कुआं मेन रोड एवं कुण्डे (झरना) करौंदी की खराब मोटरों को बदलने के कार्यों की समीक्षा की गई। वर्षा पूर्व तैयारियों पर भी हुआ मंथन... बैठक में वार्ड क्रमांक 4 स्थित काली माई मंदिर के समीप सड़क के डामरीकरण तथा वार्ड क्रमांक 3 की गली क्रमांक 21 और 23 में पुलिया के पुनर्निर्माण कार्यों पर भी चर्चा हुई। आगामी वर्षा ऋतु में जलभराव और संभावित प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं और तैयारियों की भी समीक्षा की गई। सीईओ ने सभी मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई शीघ्र प्रारंभ करने का आश्वासन दिया। विधायक रोहाणी ने कहा कि क्षेत्रवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बैठक में मंडल अध्यक्ष आशीष राव, सौरभ गोयल सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर मण्‍डल अध्‍यक्ष द्वय आशीष राव एवं सौरभ गोयल, संजय जैन, सुंदर अग्रवाल, अजय पदम, संजय कपूर, ज्‍योतिराम रेड्डी विकास बावरिया, बलराम बालमीकि आदि भाजपा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सुनील साहू / मोनिका / 10 जून 2026/ 06.23