वैशाली, (ईएमएस)। मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो बिहार और वैशाली जिले की तिसिऔता थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में एक 6 चक्का आयशर ट्रक से भारी मात्रा में अवैध स्पिरिट बरामद की गई। अधिकारियों के अनुसार, 9 जून को विशेष अभियान दल को सूचना मिली थी कि एक ट्रक के जरिए अवैध स्पिरिट की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो तथा तिसिऔता थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए ट्रक को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक से 3800 लीटर स्पिरिट बरामद कर जब्त कर लिया गया। मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस और मद्यनिषेध विभाग मामले की गहन जांच में जुटे हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि स्पिरिट की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। संतोष झा- १० जून/२०२६/ईएमएस