भागलपुर, (ईएमएस)। भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के घर से स्मैक, हथियार से संबंधित सामग्री और नकदी बरामद की गई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि नाथनगर थाना क्षेत्र के बाबूटोला गांव निवासी मनोज यादव किसी गंभीर अपराध को अंजाम देने की नीयत से अपने घर में अवैध हथियारों का संग्रह कर रहा है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए गठित पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी की। छापेमारी के दौरान मनोज यादव के घर से 14 ग्राम स्मैक, एक मैगजीन, एक जिंदा कारतूस तथा 50 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। मौके से आरोपी मनोज यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर लिया है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी का संबंध किसी बड़े आपराधिक या नशीले पदार्थों के नेटवर्क से तो नहीं है। संतोष झा- १० जून/२०२६/ईएमएस