पटना, (ईएमएस)। पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र में छापाक वाटर पार्क के पास फोरलेन पर एक व्यक्ति के अपहरण की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत को सकुशल बरामद कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया और छोटी लाइन के पास से अपहृत को सुरक्षित मुक्त कराया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान घटना में संलिप्त चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही अपहरण में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी जब्त कर ली गई है। पूछताछ के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार, अपहृत व्यक्ति की पहचान संतोष बिहारी के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि संतोष बिहारी पर कई लोगों को फर्जी दस्तावेज और फर्जी नियुक्ति पत्र देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने के आरोप हैं। पुलिस अब ठगी से जुड़े मामलों की भी जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ जारी है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। संतोष झा- १० जून/२०२६/ईएमएस