13 चोरियों का खुलासा, 250 क्विंटल अनाज जब्त चोरी का माल बालाघाट, मंडला, जबलपुर के व्यापारियों तक पहुंचा बालाघाट (ईएमएस). जिले की सरकारी राशन दुकानों में सेंध लगाकर सरकारी खाद्यान्न की चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह पर बालाघाट पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। पुलिस ने 4 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 250 क्विंटल चावल, पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 20, जेडटी 5980 को बरामद किया है, जबकि गिरोह का एक सदस्य अभी भी फरार है। गिरफ्तार आरोपियों से 13 चोरियों का खुलासा हुआ है। जबकि आरोपियों ने पूर्व में बालाघाट, मंडला, जबलपुर के व्यापारियों को चोरी का राशन बेच भी दिया है। स्थानीय कंट्रोल रुम में पत्रकारों से चर्चा करते हुए एसपी आदित्य मिश्रा ने बताया कि जिले में शासकीय राशन दुकानों को निशाना बनाकर संगठित तरीके से चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। गढ़ी, बैहर, बिरसा और मलाजखंड थाना क्षेत्रों में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस हरकत में आई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए कार्रवाई को अंजाम दिया। एसपी ने बताया कि आरोपियों द्वारा गढ़ी थाना क्षेत्र के ग्राम घुईटोला, थाना बैहर क्षेत्र के ग्राम जत्ता, मजगांव, डुडगांव, करेली, थाना बिरसा के ग्राम खुर्सीपार, थाना मलाजखंड के ग्राम टिंगीपुर, पल्हेरा, परसाही व सुरवाही स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकानों को निशाना बनाकर शासकीय खाद्यान्न की चोरी की थी। बछेरापाठ के जंगल से पकड़ाए चोर एसपी ने बताया कि पुलिस को मिली पुख्ता सूचना के आधार पर बछेरापाठ-भोरा जंगल में घेराबंदी की गई, जहां एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में भरा हुआ करीब 250 क्विंटल सरकारी राशन बरामद हुआ। मौके से चार आरोपियों को धर दबोचा गया। इन्हें किया गिरफ्तार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिला के कवर्धा निवासी सानू पिता रज्जाक मंसूरी 27 वर्ष, रज्जन पिता गजराज वर्मा 26 वर्ष और उत्तर प्रदेश के जालौन निवासी सद्दाम शाह पिता रुस्तम शाह 28 व रिजवान शाह पिता जारअली शाह 28 के रूप में हुई है। गिरोह का एक अन्य सदस्य इंद्रजीत रैदास जालौन निवासी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम उत्तर प्रदेश रवाना हो चुकी है। दो माह से कर रहे थे रेकी पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया है कि वे कबाड़ खरीदने की आड़ में करीब दो माह से बालाघाट क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में घूमते थे और पहले सुनसान व बिना सीसीटीवी वाली राशन दुकानों को चिन्हित करते थे। इसके बाद रात्रि में पिकअप और मोटरसाइकिल के जरिए मौके पर पहुंचकर राशन दुकानों के ताले तोडकऱ गेहूं-चावल की बोरियां पार कर देते थे, जिन्हें सूनसान स्थानों पर छिपा देते थे। व्यापारियों से भी होगी पूछताछ पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने बताया कि आरोपियों ने चोरी किया गया चावल बालाघाट, मंडला और जबलपुर के कुछ व्यापारियों को बेचना स्वीकार किया है। अब पुलिस इन व्यापारियों की भूमिका की भी जांच करेगी। एसपी मिश्रा ने इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है और भरोसा दिलाया है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। भानेश साकुरे / 10 जून 2026