क्षेत्रीय
10-Jun-2026
...


बिजली गुल होने से परेशान हुए लोग बालाघाट (ईएमएस). जिले में बुधवार दोपहर तेज हवाओं के साथ हुई प्री-मॉनसून बारिश ने भीषण गर्मी से राहत दिलाई। करीब डेढ़ घंटे तक हुई झमाझम वर्षा से शहर तरबतर हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। बुधवार दोपहर अचानक बदले मौसम के मिजाज ने बालाघाटवासियों को तपती गर्मी से बड़ी राहत दी। तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश करीब डेढ़ घंटे तक जारी रही, जिससे शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई और वातावरण ठंडा हो गया। जलभराव के कारण राहगीरों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ा। बारिश से पहले चली तेज आंधी के कारण कई स्थानों पर पेड़ धराशायी हो गए। पेड़ों के गिरने से आसपास की दुकानें, खड़े वाहन और बाउंड्रीवाल क्षतिग्रस्त हो गए। हालंाकि, इस तेज आंधी-तूफान में किसी भी प्रकार की जनहानि होने की सूचना प्राप्त नहीं हुई। इधर, काली पुतली चौक पर कांग्रेस के धरना प्रदर्शन के लिए लगाया गया पंडाल भी तेज हवाओं की चपेट में आकर गिर गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि उस समय तक धरना समाप्त हो चुका था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। मौसम में आए इस बदलाव से जहां आम लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं किसान अब मानसून की दस्तक का इंतजार कर रहे हैं ताकि खरीफ फसलों की बुवाई शुरू की जा सके। मौसम विभाग ने भी आगामी पांच दिनों तक तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम वैज्ञानिक डॉ धर्मेन्द्र अगाशे के अनुसार जिले में 10 से 14-जून के अवधी में मध्यम बदल, हल्की वर्षा, बिजली गिरने , आंधी तूफान के साथ हवा की गति लगभग 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री सेलिसियस तथा न्यूयनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेलिसियस तथा सुबह हवा में 58 - 60 प्रतिशत तथा दोपहर में 43-45 प्रतिशत नमी रहने की संभावना है। आने वाले दिनो में हवा कि गति लगभग 6 से 7 किलो मीटर प्रति घंटे दक्षिण दिशा में रहने ने की संभावना है। भानेश साकुरे / 10 जून 2026