क्षेत्रीय
10-Jun-2026
...


नेताओं ने कहा ‘साजिश कर छीनी गई सीट, नहीं मिला सुनवाई का मौका’ बालाघाट (ईएमएस). राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के विरोध में बालाघाट में कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। बुधवार को काली पुतली चौक पर हुए इस विरोध प्रदर्शन में करीब 50 कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए, जिन्होंने भाजपा पर लोकतंत्र की हत्या और चुनाव में धांधली के आरोप लगाए। राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने से आक्रोशित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को काली पुतली चौक पर विरोध प्रदर्शन कर भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरना प्रदर्शन को अनेक कांग्रेसी नेताओं ने संबोधित किया। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष सम्राटसिंह सरस्वार ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह पूरी प्रक्रिया सुनियोजित साजिश का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन जानबूझकर खारिज कराया, जिससे वह चुनाव ही न लड़ सके। उन्होंने इसे लोकतंत्र के मूल्यों पर सीधा हमला बताया और कहा कि कांग्रेस इस तानाशाही रवैये की कड़ी निंदा करती है। सरस्वार ने यह भी कहा कि भाजपा ने कांग्रेस को अपनी बात रखने या किसी भी तरह की सुनवाई का अवसर नहीं दिया। उन्होंने दावा किया कि बहुमत न होने के बावजूद भाजपा ने तीसरा प्रत्याशी मैदान में उतारकर राजनीतिक चाल चली और कांग्रेस उम्मीदवार को चुनावी मैदान से बाहर करने में सफल रही। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्याम पंजवानी ने भी भाजपा पर ‘वोट चोरी’ और ‘लोकतंत्र की हत्या’ के आरोप दोहराए। उन्होंने कहा कि एक मामूली आपत्ति के आधार पर मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज करना पूरी तरह से अलोकतांत्रिक है और यह संविधान की भावना के खिलाफ है। भानेश साकुरे / 10 जून 2026