अंतर्राष्ट्रीय
11-Jun-2026
...


टोरंटो,(ईएमएस)। एयर कनाडा के पूर्व कप्तान 59 वर्षीय ज्योफ्री वॉल को कथित तौर पर 16 साल तक बड़े यात्री विमानों को फर्जी एयरलाइन ट्रांसपोर्ट पायलट लाइसेंस (एटीपीएल) के साथ उड़ाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पील क्षेत्रीय पुलिस ने प्रोजेक्ट इकारस नामक एक विस्तृत जाँच के बाद 1 जून को वॉल को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, वॉल ने 1998 में अपना विमानन करियर शुरू किया था और 2009 में कप्तान के पद पर नियुक्त हुए थे। पद के लिए एटीपीएल अनिवार्य था, लेकिन आरोप है कि उन्होंने नकली दस्तावेजों का इस्तेमाल करके अपनी योग्यता में कमी छिपाई। वॉल पर एयर कनाडा और ट्रांसपोर्ट कनाडा जैसी नियामक संस्थाओं को जाली लाइसेंस दिखाकर गुमराह करने का आरोप है। जांच के दौरान उन्होंने पुलिस को भी भ्रामक जानकारी देने की कोशिश की। 2009 से अपनी गिरफ्तारी तक, वॉल ने 900 से अधिक घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों में बोइंग 767, 777 और 787 जैसे विमानों के कप्तान के रूप में हजारों यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुँचाया। इस अवधि में उन्होंने अनुमानित 30 लाख कनाडाई डॉलर का वेतन भी अर्जित किया। दिलचस्प बात यह है कि वॉल केवल पायलट ही नहीं थे, बल्कि एयर कनाडा पायलट्स एसोसिएशन में कई महत्वपूर्ण पदों पर भी रहे, यहाँ तक कि संगठन की सर्वोच्च संचालन परिषद के अध्यक्ष भी बने। मामले का खुलासा तब हुआ जब बीते साल टोरंटो के पियर्सन एयरपोर्ट पर ट्रांसपोर्ट कनाडा द्वारा एक नियमित मूल्यांकन के दौरान उनके दस्तावेजों में अनियमितताएं मिली, जिसके बाद जनवरी में जांच शुरू की गई। एयर कनाडा ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं हुआ है, क्योंकि उसके सभी पायलट हर छह महीने में दक्षता परीक्षण और वार्षिक उड़ान मूल्यांकन से गुजरते हैं। एयरलाइन का दावा है कि वॉल के पास वैध कमर्शियल पायलट लाइसेंस था और उन्होंने सभी तकनीकी प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरे किए थे। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लाइसेंसिंग नियम सुरक्षा कारणों से बनाए जाते हैं, और गलत योग्यता दिखाकर उन्हें दरकिनार करना एक गंभीर सुरक्षा चिंता का विषय है। अब वॉल पर धोखाधड़ी, जाली दस्तावेजों के इस्तेमाल, नकली प्रमाणपत्र रखने और सार्वजनिक शरारत सहित कई आपराधिक आरोप लगाए गए हैं। यदि आरोप साबित होते हैं, तो यह कनाडा के विमानन इतिहास के सबसे चौंकाने वाले धोखाधड़ी मामलों में से एक होगा। आशीष/ईएमएस 11 जून 2026