क्षेत्रीय
11-Jun-2026
...


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई महानगरपालिका ने अंधेरी पश्चिम में खुले स्थानों पर किए गए अवैध कब्जों और अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार होटलों के विस्तारित ढांचे को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई मनपा की अतिरिक्त आयुक्त अश्विनी जोशी के निर्देश पर की गई, जिन्होंने स्पष्ट किया था कि अनिवार्य खुले स्थान (कम्पल्सरी ओपन स्पेस) का व्यावसायिक उपयोग करने वाले होटलों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। बताया गया है कि के-वेस्ट वार्ड ने वीरा देसाई मार्ग और न्यू लिंक रोड क्षेत्र में स्थित चार होटलों पर कार्रवाई की। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग, लाइसेंस विभाग, अग्निशमन विभाग, भवन एवं कारखाना विभाग सहित विभिन्न सरकारी इकाइयों की संयुक्त टीम शामिल रही। कार्रवाई के दौरान होटल संचालकों द्वारा खुले स्थानों को ढंककर बनाए गए अतिरिक्त सर्विस एरिया और अन्य अनधिकृत संरचनाओं को हटाया गया। मनपा की टीम ने कार्रवाई के दौरान होटलों से विभिन्न उपकरण और फर्नीचर भी जब्त किए। अधिकारियों के अनुसार, यह सामान अवैध रूप से बनाए गए सर्विस एरिया में उपयोग किया जा रहा था। अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम देने के लिए करीब 20 कर्मचारियों और अधिकारियों की टीम तैनात की गई थी। इसमें वार्ड अधिकारी, मनपा कर्मचारी, मजदूर तथा अग्निशमन विभाग के जवान शामिल थे। के-वेस्ट वार्ड के अधिकारी चक्रपाणि आले ने बताया कि संबंधित होटल संचालकों ने भवन नियमों का उल्लंघन करते हुए अनिवार्य खुले स्थान को अवैध रूप से ढंक लिया था और वहां अपने व्यवसाय के लिए अतिरिक्त सर्विस एरिया विकसित कर लिया था। उन्होंने कहा कि ऐसे निर्माण न केवल भवन नियमों का उल्लंघन करते हैं, बल्कि अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन निकासी व्यवस्था के लिए भी खतरा पैदा करते हैं। मनपा अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि शहर में खुले स्थानों पर अवैध कब्जा कर व्यवसाय चलाने वाले होटल, रेस्तरां और अन्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य भवन नियमों का पालन सुनिश्चित करना और नागरिक सुरक्षा को प्राथमिकता देना है। - ११ जून/२०२६/ईएमएस