क्षेत्रीय
11-Jun-2026
...


गुना (ईएमएस)। सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में अखिल भारतवर्षीय युवा यादव महासभा के पदाधिकारी और सदस्य बुधवार को सिटी कोतवाली पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा को ज्ञापन सौंपकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि फेसबुक पर बृजेश भानु शर्मा नामक व्यक्ति द्वारा यादव समाज की बेटी को लेकर कथित रूप से अनुचित टिप्पणी की गई है, जिससे समाज में आक्रोश व्याप्त है। संगठन ने मांग की कि ऐसे मामलों में तत्काल कानूनी कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्ति की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। युवा यादव महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि किसी भी समाज की बहन-बेटियों के संबंध में अपमानजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं की जाएगी। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो समाज आंदोलन करने पर विवश होगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। - सीताराम नाटानी