- फतेहपुर में संचालित है प्रथम वेल्डिंग ट्रेनिंग सेंटर - 45 दिन की ट्रेनिंग के बाद रोजगार की गारंटी का दावा - NSDC से मान्यता प्राप्त केंद्र में निशुल्क आवास-भोजन के साथ तकनीकी और कंप्यूटर प्रशिक्षण - 450 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने का किया गया दावा फतेहपुर (ईएमएस)। युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से रोजगार से जोड़ने की दिशा में फतेहपुर शहर के समीप भिटौरा रोड स्थित जमालपुर तिराहा पर संचालित प्रथम वेल्डिंग ट्रेनिंग सेंटर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (NSDC) से मान्यता प्राप्त यह प्रशिक्षण केंद्र दसवीं पास युवक-युवतियों को 45 दिवसीय वेल्डिंग प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार के लिए तैयार कर रहा है। यह केंद्र प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा संचालित किया जा रहा है, जिसे वर्टिस इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) फंड के माध्यम से सहयोग प्राप्त है। संस्था का दावा है कि अब तक 450 से अधिक प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण के उपरांत रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा चुके हैं। केंद्र में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का कम से कम हाईस्कूल (दसवीं) उत्तीर्ण होना आवश्यक है। साथ ही आयु 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदन के समय आधार कार्ड एवं शैक्षिक प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य है। प्रशिक्षण के दौरान छात्रों और छात्राओं को निशुल्क आवास एवं भोजन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है। वर्टिस इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट के सीएसआर मैनेजर फिरोज़ खान ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य युवाओं को शिक्षा के माध्यम से रोजगार से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा बेहतर रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ आत्मनिर्भर भी बन सकते हैं। वहीं प्रथम संस्था के सेंटर इंचार्ज दिलीप कुमार विश्वकर्मा ने केंद्र की विभिन्न सुविधाओं एवं प्रशिक्षण पद्धति की जानकारी देते हुए बताया कि यहां प्रशिक्षण पूरी तरह व्यावहारिक एवं उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप दिया जाता है। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों के तकनीकी कौशल को विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाता है। वेल्डिंग ट्रेड के मास्टर ट्रेनर विपिन कुमार ने बताया कि 45 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यार्थियों को वेल्डिंग का परिचय, सुरक्षा एवं सावधानियां, मापन तकनीक, बेसिक इलेक्ट्रिकल ज्ञान, वेल्डिंग जॉइंट, निरीक्षण एवं परीक्षण, आर्क वेल्डिंग, मिग/मैग (गैस मेटल आर्क वेल्डिंग) तथा गैस कटिंग सहित विभिन्न तकनीकी विषयों की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाती है। इसके अलावा प्रशिक्षणार्थियों को कंप्यूटर शिक्षा भी दी जाती है। कंप्यूटर लैब प्रभारी संजय कुमार ने विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जाने वाली लैब सुविधाओं एवं प्रैक्टिकल प्रशिक्षण की जानकारी दी। वहीं कंप्यूटर ट्रेनर कुमकुम शुक्ला ने बताया कि छात्रों को बेसिक से लेकर एडवांस स्तर तक का कंप्यूटर ज्ञान प्रदान किया जाता है, जिससे भविष्य में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ते हैं। इस अवसर पर क्लस्टर हेड प्रमोद गुप्ता, फील्ड स्टाफ भोभनाथ, शुभम कुमार एवं राजमती ने प्रशिक्षण व्यवस्था, नारी सुरक्षा एवं भोजन व्यवस्था के संबंध में जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि छात्र-छात्राओं को सुरक्षित एवं अनुशासित वातावरण उपलब्ध कराया जाता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं ने भी प्रशिक्षण की गुणवत्ता, शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया। प्रशिक्षुओं का कहना था कि यह प्रशिक्षण उनके भविष्य को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध हो रहा है और रोजगार प्राप्त करने के लिए उन्हें आवश्यक तकनीकी दक्षता प्रदान कर रहा है। - ईएमएस 11 जून, 2026