धमतरी (ईएमएस)। जिले के ग्राम बरारी में शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण कर रिसॉर्ट निर्माण किए जाने का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। शिकायत मिलने पर कलेक्टर के निर्देश पर निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है, जिससे पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। जानकारी के अनुसार ग्राम बरारी में लगभग 70 डिसमिल शासकीय भूमि पर रिसॉर्ट निर्माण की तैयारी चल रही थी। आरोप है कि निर्माण कार्य के लिए भूमि पर मौजूद पेड़ों की कटाई भी की गई। मामले की शिकायत प्रशासन तक पहुंचने के बाद राजस्व और संबंधित विभागों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा निर्माण गतिविधियों को रुकवा दिया। मामले में आरोपों का सामना कर रहे ग्राम बरारी निवासी खूबलाल ध्रुव का कहना है कि उनका परिवार पिछले करीब चार दशक से उक्त भूमि पर निवास कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि डुबान प्रभावित होने के कारण वे लंबे समय से इस क्षेत्र में रह रहे हैं। उनका कहना है कि कुछ लोगों द्वारा शिकायत किए जाने के बाद यह विवाद सामने आया है और प्रशासन जो भी वैधानिक निर्णय लेगा, उसे स्वीकार किया जाएगा। हालांकि इस मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि भूमि शासकीय रिकॉर्ड में दर्ज है, तो उस पर निर्माण कार्य किस आधार पर किया जा रहा था। साथ ही निर्माण से पहले पेड़ों की कटाई के लिए संबंधित विभागों से अनुमति ली गई थी या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जमीन की प्रकृति, कब्जे की स्थिति और निर्माण संबंधी अनुमति से जुड़े सभी दस्तावेजों की जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल निर्माण कार्य बंद करा दिया गया है और प्रशासन पूरे मामले की पड़ताल में जुटा हुआ है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि भूमि पर निर्माण वैध था या शासकीय संपत्ति पर अतिक्रमण कर यह गतिविधि संचालित की जा रही थी। - (ईएमएस) 11 जून 2026